Advertisement

एनएसएस दिवस पर के बी कॉलेज द्वारा रेबीज जागरूकता विषय पर डोर टू डोर अभियान

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) स्थापना दिवस के अवसर पर 24 सितंबर को के बी कॉलेज बेरमो द्वारा गोद लिए गांव में कुत्तों के काटने से बचाव एवं रेबीज जागरूकता विषय पर डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया गया।

जानकारी के अनुसार एनएसएस के 58वें स्थापना दिवस के अवसर पर बोकारो जिला के हद में बेरमो प्रखंड के गोद लिए गांव बोरिया उत्तरी में जागरूकता अभियान चलाया गया। कॉलेज के प्राचार्य लक्ष्मी नारायण के निर्देश, कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार के नेतृत्व में कुत्तों के काटने से बचाव एवं रेबीज विषय पर डोर टू डोर जागरूकता अभियान स्वयं सेवकों के सहभागिता से चलाया गया।

स्थापना दिवस की विधिवत् शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर वंदे मातरम्, राष्ट्रीय एवं एनएसएस गीत के उद्घोष के साथ शुरू किया गया। ज्ञात हो कि, एनएसएस दिवस मनाने का उद्देश्य विद्यार्थियों में नि:स्वार्थ सेवा, अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करना है।

स्थापना दिवस पर ही राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा कुत्तों के काटने से बचाव एवं रेबीज जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों और आम जनों को रेबीज जैसी घातक बीमारियों के प्रति जागरूक करना है। इस अवसर पर स्वयं सेवकों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से जागरूकता संदेश दिया, जिनमें प्राथमिक उपचार के तहत कुत्तों के काटने पर तुरंत घाव को बहते हुए पानी और साबुन से 10 से 15 मिनट अच्छी तरह धोने, संक्रमण से बचाव के लिए घाव पर एंटीबायोटिक मरहम या रोगाणु रहित पट्टी लगाने, जितनी जल्दी हो सके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर की सलाह लेने और एंटी रेबीज वैक्सीन का कोर्स पूरा करने की बात कही गयी।

पोस्टर और स्लोगन बनाने में कॉलेज के एनएसएस के छात्र-छात्राओं की सहभागिता रही, जिसमें शहजादी, सुमीत कुमार सिंह, अंतरा कुमारी, अमन तिवारी, इरम खान आदि स्वयं सेवक शामिल रहे। जागरूकता अभियान में कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ प्रभाकर कुमार समेत स्वयं सेवक और ग्रामीणों में निखिल कुमार, आकाश तुरी, नैना कुमारी, बसंती देवी, रोशनी कुमारी, नेहा कुमारी, सीमा कुमारी, सरिता देवी, ललित यादव, टिंकू तुरी, देवकी देवी, बिंदिया देवी, सुभद्रा देवी, सुनीता देवी, अन्नू देवी आदि बड़ी संख्या में रहिवासी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *