अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में 28 सितंबर को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा की अध्यक्षता संबंधित पंचायतों के मुखिया ने की।
जानकारी के अनुसार आयोजित ग्रामसभा में आवास प्लस ऐप के माध्यम से किए गए सर्वे में शामिल परिवारों की अस्थायी प्राथमिकता सूची के निर्धारण को लेकर चर्चा की गई। पंचायत सचिव, आवास सहायकों और अन्य कर्मियों ने ग्रामीणों को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी दी। कर्मियों ने बताया कि आवास प्लस ऐप से तैयार सूची में जिन परिवारों का नाम शामिल है, उन्हें ग्राम सभा के माध्यम से इसकी जानकारी दी जा रही है। साथ ही योजना के तहत मिलने वाली राशि और निर्माण प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
ज्ञात हो कि, सोनपुर प्रखंड में इससे पूर्व 12 पंचायतों में ग्राम सभा हो चुकी है। जबकि, 28 सितंबर को प्रखंड के भरपुरा, दूधैला, गोपालपुर, रसूलपुर, कल्याणपुर, नयागांव, परमानंदपुर, सैदपुर सहित अन्य पंचायतों में सभा आयोजित की गई। ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों को बताया गया कि अस्थायी सूची को सार्वजनिक किया जा रहा है, ताकि कोई आपत्ति या त्रुटि हो तो समय पर सुधार किया जा सके। इस दौरान कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पहले सूची में उनका नाम था, जो अब गायब है। कइयों ने कहा कि संपन्न परिवारों के नाम सूची में हैं, जबकि गरीब छूट गए हैं। इस बावत पंचायत सचिव ने कहा कि यदि किसी को सूची से संबंधित कोई आपत्ति या समस्या है तो वे अपने पंचायत के सचिव या आवास सहायक से संपर्क कर सकते हैं।
मौके पर आवास सहायक शैलेश कुमार, अमर सिंह, राजीव मिश्रा, जितेंद्र कुमार, रत्नाकर कुमार, रवि रंजन, जितेंद्र कुमार राय, जगजीवन कुमार, अविनाश सिंह, मेराज आलम, अजय प्रताप सिंह सहित पंचायत सचिव अमरेश कुमार, मोहन लाल भगत, सोरजीत यादव, राजेश मोदी व् अन्य कर्मी मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply