एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में अनपति देवी सरस्वती शिशु विद्या मंदिर फुसरो में 16 अक्टूबर को परंपरा, भक्ति और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां विद्यालय परिसर में नौ कन्या पूजन सह डांडिया महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन में विद्यालय के भैया-बहनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, मंत्रोच्चार और सामूहिक वंदना के साथ किया गया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। इस पावन अवसर पर वक्ताओं ने माँ दुर्गा के नौ स्वरूपों (शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस दौरान आचार्य दयानंदजी द्वारा नौ देवियों का विधिवत पूजन व पुष्पार्चन किया गया, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक हो गया। इसके साथ ही प्रतीक स्वरूप नौ कन्याओं का भी पूजन कर आशीर्वाद लिया गया। पूजन के पश्चात आयोजित डांडिया महोत्सव में बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्सव का भरपूर आनंद लिया। कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए कई गणमान्य उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से विद्यालय के संरक्षक बृज बिहारी पांडेय, उपाध्यक्ष राम नरेश द्विवेदी, सचिव अमित कुमार सिंह, समिति सदस्या रीमा सिंह आदि शामिल रहे।
संपूर्ण सफल एवं भव्य कार्यक्रम विद्यालय के प्रभारी साधन चंद्र धर के कुशल देखरेख एवं मार्गदर्शन में संपन्न किया गया। अंत में सभी गणमान्य जनों ने इस प्रकार के आयोजनों को बच्चों के सांस्कृतिक विकास और नैतिक शिक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी आचार्य, दीदी एवं कर्मचारी बंधु भगिनी का समूर्ण योगदान रहा।
![]()













Leave a Reply