Advertisement

बोडोपहाड़ सीढ़ी निर्माण को ले विशेष ग्राम सभा में चर्चा, वन विभाग की बाधा पर नाराजगी

ग्राम सभा सशक्तीकरण व् सामुदायिक वनाधिकार मुद्दे पर चर्चा, आवेदन का निर्णय

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत बाबा बड़राव बोडो पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सीढ़ी निर्माण कार्य में वन विभाग द्वारा बाधा पहुंचाए जाने के मुद्दे पर 16 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया।

बैठक में ग्राम सभा के सशक्तीकरण, वनाधिकार कानून-2006, वनाधिकार नियमावली-2008, संशोधन नियम-2012 तथा वन संरक्षण अधिनियम-1980 के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा सामुदायिक वनाधिकार प्रमाण पत्र में कथित अनियमितताओं का मामला भी उठाया गया। आयोजित विशेष ग्राम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सामुदायिक विकास के उद्देश्य से बाबा बड़राव बोडो पहाड़ पर सीढ़ी निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं राज्य सरकार के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि ग्राम सभा को 80.25 एकड़ वन भूमि का सामुदायिक पट्टा प्राप्त है। इसी भूमि के खाता संख्या-1 एवं प्लॉट संख्या-1981 में पर्यटन स्थल के विकास के लिए सीढ़ी निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इस संबंध में वनाधिकार अधिनियम 2006 की धारा 3(2) तथा वन संरक्षण अधिनियम 1980 के प्रावधानों के आलोक में चर्चा की गई। ग्राम सभा ने निर्णय लिया कि इस मामले को अनुमंडल स्तरीय वनाधिकार समिति तेनुघाट, जिला स्तरीय वनाधिकार समिति एवं उपायुक्त बोकारो, वन प्रमंडल पदाधिकारी बोकारो, राज्य स्तरीय वनाधिकार समिति झारखंड के मुख्य सचिव तथा मुख्यमंत्री सह वन मंत्री झारखंड सरकार रांची के समक्ष लिखित रूप से उठाया जाएगा।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ग्राम सभा के अधिकारों का सम्मान होना चाहिए तथा सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यों में संबंधित कानूनों और निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुरूप निर्णय लिया जाना चाहिए। कहा गया कि बाबा बड़राव बोडो पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से स्थानीय क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई। साथ ही सामुदायिक वनाधिकार प्रमाण पत्र में कथित अनियमितताओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई।
मौके पर दुर्गापुर पंचायत के मुखिया अमरेश कुमार महतो, वन सुरक्षा समिति के केंद्रीय अध्यक्ष विष्णु चरण महतो, झारखंड जंगल बचाओ आंदोलन के केंद्रीय प्रभारी राजेश कुमार महतो, उपमुखिया पंचानन महतो तथा मीडिया प्रभारी संदीप कुमार महतो सहित अन्य ने बैठक में अपने विचार रखे। वक्ताओं ने ग्राम सभा के अधिकारों, वनाधिकार कानून के अनुपालन तथा पहाड़ पर प्रस्तावित सीढ़ी निर्माण कार्य से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष उठाने पर जोर दिया।

विशेष ग्राम सभा में पंचायत समिति सदस्य पति सनातन महतो, डॉ अखिलेश्वर महतो, कपिल महतो, भीम प्रसाद महतो, बिनीता देवी, पविता देवी, वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष दिगंबर महतो, संजय महतो, लालकिशोर महतो, सृष्टिधर महतो, जगेश्वर महतो, मनोज कुमार मुर्मू, अर्जुन महतो, मालती देवी, पूनम देवी, फुलेश्वर महतो, प्रयाग करमाली, विष्णु महतो, राजेंद्र, चकेश्वर, सिद्धेश्वर, सचिन, विवेक कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण रहिवासी उपस्थित थे।
बैठक के अंत में ग्राम सभा के निर्णयों को लिखित आवेदन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने तथा बाबा बड़राव बोडो पहाड़ पर पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित सीढ़ी निर्माण से संबंधित मामले में नियमानुसार कार्रवाई की मांग करने पर सहमति बनी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *