धरना में शामिल झामुमो नेताओं ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बोकारो जिला समिति और महानगर समिति के संयुक्त तत्वावधान में 7 मई को जिला मुख्यालय के समक्ष एक दिवसीय विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में आयोजित किया गया।
धरना को संबोधित करते हुए झामुमो बोकारो जिलाध्यक्ष रतनलाल मांझी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर महंगाई लगातार बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर छोटे गैस सिलेंडरों के दाम बढ़ाकर गरीबों, ठेला-खोमचा चलाने वालों और छोटे दुकानदारों की कमर तोड़ दी गई है।
झामुमो बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने चुनाव खत्म होने का इंतजार किया और उसके तुरंत बाद कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 993 रुपये की भारी वृद्धि कर दी। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और समारोहों के खर्च पर पड़ेगा, जिससे बाजार में महंगाई और बढ़ेगी।
धरना में उपस्थित वक्ताओं ने एक स्वर में गैस कीमतों में वृद्धि, बढ़ती महंगाई और केंद्र की आर्थिक नीतियों का विरोध किया। धरना कार्यक्रम में बीके चौधरी, अखिलेश महतो, अशोक मुर्मू, मनोहर मुर्मू, विजय रजवार, मोहन मुर्मू, फिरदौस अंसारी, फैयाज आलम, हसन अंसारी, संजय केजरीवाल, मनोज हेंब्रम, भोलू खान, आलोक सिंह, मिथुन मंडल, राकेश सिन्हा, पंकज जसवाल, प्रमोद तापड़िया, रामदयाल सिंह, भागीरथ शर्मा, पंकज मरांडी, नैयर जमाल, किरण बाउरी, दीपक महतो, महताब खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल थे।
![]()













Leave a Reply