Advertisement

भारतमाला परियोजना के निर्माणाधीन पुल का मंत्री ने किया औचक निरीक्षण

ग्रामीणों को असुविधा न हो, गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं- योगेंद्र प्रसाद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के कमलापुर–बनगजरा–कसमार को जोड़ने वाली भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन पुल का 7 मई को राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, पुल निर्माण की गुणवत्ता एवं आम रहिवासियों के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य के दौरान ग्रामीणों एवं राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क एवं पुल निर्माण को प्राथमिकता दे रही है, ताकि आम राहगीरों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन किया जाए तथा तय समय सीमा के भीतर कार्य को पूरा किया जाए।

मंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। पुल निर्माण पूरा होने के बाद आसपास के गांवों के रहिवासियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विकास कार्य पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरे हों। मंत्री के निरीक्षण के दौरान झामुमो के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांवों को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह पुल बनने से क्षेत्र के रहिवासियों को सीधा लाभ मिलेगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। कहा कि विकास कार्यों में जनता की सुविधा सर्वोपरि है। मौके पर विभागीय अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *