प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार थाना क्षेत्र के टांगटोना गांव में एक अत्यंत दु:खद घटना सामने आई है। यहां तालाब में डूबने से शिक्षक फूलचंद महतो के आठ वर्षीय पुत्र अंबुज कुमार महतो की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक अंबुज कुमार महतो नव प्राथमिक विद्यालय हरिजन टोला टांगटोना में कक्षा तीन का छात्र था। वह बीते 6 मई को अपने साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। इस दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ में गये बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण एवं परिजन मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला।
बताया जाता है कि परिजन द्वारा आनन-फानन में अंबुज को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
ग्रामीण रहिवासियों ने बताया कि अंबुज बेहद मिलनसार और होनहार बच्चा था। उसकी असामयिक मौत से हर कोई स्तब्ध है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है तथा जाननेवालो का लगातार पीड़ित परिवार के घर पहुंचना जारी है। ईश्वर दिवंगत बालक की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दु:ख को सहने की शक्ति दे।
![]()













Leave a Reply