Advertisement

सारण को मिलेगी नई उड़ान: सीएम और सांसद की बैठक में विकास का मेगा प्लान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के विकास को रफ्तार देने के लिए एक मई को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस अनौपचारिक मुलाकात में जिले के स्वर्णिम भविष्य की रूपरेखा तय की गई और कई बड़ी परियोजनाओं पर रणनीति बनी।

जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में स्वीकृत योजनाओं पर फोकस किया गया। जिसमें जिला के हद में दिघवारा में सिक्स लेन पुल, सोनपुर में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डा, हरिहरनाथ कॉरिडोर, दिघवारा- भेल्दी स्पर, हरिहरनाथपुरम और सारण सैटेलाइट टाउनशिप जैसी योजनाओं के तेज क्रियान्वयन पर चर्चा की गयी। ज्ञात हो कि सांसद रूडी वर्षों से इन योजनाओं के लिए प्रयासरत थे।

नए नामों से विकास को पहचान

जिला के हद में बाकरपुर-डुमरिया घाट पथ को अब नारायणी पथ और उत्तरी गंगा पथ को गंगा-अम्बिका भवानी पथ के नाम से जाना जाएगा। सीएम तथा सांसद की बैठक में इनके निर्माण में तेजी लाने पर सहमति बनी। साथ हीं पुरानी योजनाओं को भी गति दी जायेगी।

बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं के सफल और द्रुत गति से कार्यान्वयन पर भी रणनीतिक चर्चा की गई। भविष्य का रोडमैप पर भी गहन विचार विमर्श किया गया। सारण के दीर्घकालिक विकास के लिए प्रस्तावित नई परियोजनाओं पर भी मुख्यमंत्री और सांसद के बीच सकारात्मक संवाद हुआ। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि उपरोक्त सभी नयी तथा पुरानी परियोजनाएं सारण के आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास का आधार बनेंगी। कहा कि इन्हें समयबद्ध तरीके से जमीन पर उतारना उनकी प्राथमिकता है। सीएम व् सांसद की यह मुलाकात सारण में स्वीकृत योजनाओं को धरातल पर लाने और जिले को बिहार के ग्रोथ इंजन के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *