Advertisement

दीपांजलि पैलेस चास में भाजपा की संगठनात्मक बैठक में नेताओं द्वारा निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के बोकारो जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आगामी कार्यक्रमों को लेकर एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक एक मई को दीपांजलि पैलेस चास में आयोजित किया गया। बैठक में संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र राज ने की। इस दौरान बेरमो के पुर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल, पुर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र राज ने कहा कि भाजपा एक मजबूत संगठन है और हमारी ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि हमें बूथ स्तर तक संगठन को और सक्रिय बनाना है। आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाकर हम जनता के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करेंगे।

पूर्व विधायक योगेश्वर महतो बाटुल ने अपने संबोधन में कहा कि पार्टी की नीति और केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है। कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं, इसलिए सभी को पूरी निष्ठा के साथ काम करना होगा। पुर्व जिलाध्यक्ष रोहित लाल सिंह ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा की गतिविधियां और तेज होंगी। हम सभी को मिलकर संगठन को और सशक्त बनाना है और जनता के विश्वास पर खरा उतरना है।

इसी क्रम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कुमार अमित ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल संगठन विस्तार नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना है। कहा कि युवाओं और नए कार्यकर्ताओं को जोड़कर हम संगठन को और ऊर्जा देंगे तथा जनसेवा के कार्यों को तेज करेंगे। बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी संगठन विस्तार, युवा कार्यकर्ताओं की भागीदारी और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें पूरी लगन और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का संकल्प लिया। मौके पर मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार महतो, महामंत्री अनीश जायसवाल, मनोहर महतो, किशोर कुमार महतो, सुरेंद्र कुमार महतो, सुनील कुमार, विजय कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *