बिरसा चौक से 9 अगस्त को निकलेगी विशाल रैली; मेधावी छात्र होंगे सम्मानित
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। विश्व आदिवासी दिवस को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए संयुक्त आदिवासी परिवार बोकारो ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बोकारो के सेक्टर-4 स्थित दिशोंम जाहेर गढ़ परिसर में 3 अगस्त को आयोजित पांचवीं तैयारी बैठक की अध्यक्षता विल्सन कोंगाड़ी तथा संचालन काली मांझी ने किया।
उक्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 9 अगस्त को दिशोंम जाहेर गढ़ से विशाल पैदल रैली निकाली जाएगी, जो नया मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर प्रतिमा पर माल्यार्पण करेगी। इसके बाद रैली बोकारो के सेक्टर-2 स्थित कला केंद्र पहुंचेगी, जहां विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा।
कहा गया कि आयोजित समारोह में आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को दर्शाने वाली रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र होंगी। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 3 अगस्त से 8 अगस्त तक प्रतिदिन शाम 5 बजे दिशोंम जाहेर गढ़ में नियमित तैयारी बैठकें आयोजित करने का निर्णय लिया गया। वहीं, 4 अगस्त को दिशोंम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि दिशोंम जाहेर सेवा ट्रस्ट के नेतृत्व में श्रद्धापूर्वक मनाई जाएगी।
इस अवसर पर आयोजकों ने बताया कि समारोह में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) के निदेशक प्रभारी सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इस दौरान 10वीं, 12वीं, इंजीनियरिंग और मेडिकल परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आदिवासी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले गणमान्य जनों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। आयोजकों ने जिले के सभी आदिवासी संगठनों, युवाओं और समाज के प्रबुद्ध जनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर विश्व आदिवासी दिवस को एकता, संस्कृति और गौरव का महापर्व बनाने का आह्वान किया।
बैठक में प्रवीण कुमार किस्कू, सोहराय सोरेन, महाबीर मरांडी, विनय कुमार उरांव, समीर चंद हांसदा, कृष्णा सोरेन, अमन बास्की, राकेश रंजन मरांडी, दुर्गा मुर्मू, कुलदीप तिर्की, रवि उरांव, जयमंगल उरांव, दिलीप मांझी, नरेश हांसदा, दिलीप हेम्ब्रम, चामु कुजूर, बिशु हांसदा, कमलेश मुर्मू, महाबीर शांडील, एस. सोरेन सहित बड़ी संख्या में सदस्यगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply