Advertisement

गांधीनगर क्रीड़ागन में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सीसीएल मुख्यालय रांची द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभा के संवर्धन हेतु ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 18 से 31 मई तक प्रातः 6 से 8:30 बजे तक झारखंड की राजधानी रांची के गांधीनगर स्थित क्रीड़ागन में आयोजित किया जा रहा है। इस शिविर में कुल 253 बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार ग्रीष्मकालीन क्रिकेट एवं वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन 18 मई को सीसीएल मुख्यालय के महाप्रबंधक (वित्त) डी. देवी प्रसाद द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में महाप्रबंधक (वित्त) ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को संबोधित करते हुए खेलों में सक्रिय भागीदारी हेतु उत्साहपूर्वक प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (वित्त) प्रसाद ने सीसीएल के कल्याण विभाग द्वारा शिविर के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं, जो जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की आधारशिला है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस प्रशिक्षण शिविर का पूरा लाभ उठाएं तथा खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का संकल्प लें।

उल्लेखनीय है कि इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। वॉलीबॉल प्रशिक्षण निशिकांत पाठक, संजय ठाकुर एवं सतीश कुमार द्वारा दिया जा रहा है, जबकि क्रिकेट प्रशिक्षण जीशान खान, धनंजय सेंद्रिय एवं लालन सिंह द्वारा प्रदान किया जा रहा है। इन अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चों को तकनीकी दक्षता एवं खेल कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि उक्त प्रशिक्षण शिविर के सुचारु एवं सफल आयोजन में मोहित राज मिंज, रवि शंकर मंडल एवं राकेश कुमार पाठक सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका निभा रहे हैं। वे शिविर से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन एवं सफल आयोजन सुनिश्चित करने हेतु विशेष समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।

ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर में इस वर्ष भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में बालक-बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है, जो सीसीएल परिवार के बच्चों में खेलों के प्रति बढ़ती अभिरुचि को प्रदर्शित करता है।प्रतिभागियों के विवरण के अनुसार क्रिकेट में कुल 102 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 20 बालिकाएं और 82 बालक शामिल हैं। वहीं वॉलीबॉल में कुल 151 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 72 बालिकाएं और 79 बालक शामिल हैं। इस प्रकार दोनों खेलों में कुल 253 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 92 बालिकाएं और 161 बालक शामिल है।

जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल का कल्याण विभाग प्रत्येक वर्ष इस प्रकार के ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन करता है, जिसका उद्देश्य सीसीएल परिवार के बच्चों को ग्रीष्मावकाश में संगठित, अनुशासित एवं खेल-आधारित गतिविधियों से जोड़ना है। इस पहल से न केवल बच्चों की खेल प्रतिभा निखरती है, अपितु उनमें सामूहिक सहयोग, अनुशासन एवं नेतृत्व के गुणों का भी विकास होता है। सीसीएल इस प्रकार के आयोजनों के माध्यम से अपने कार्मिकों एवं उनके परिवारों के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *