Advertisement

डीसी द्वारा गुरुजी रात्रि पाठशाला का निरीक्षण, छात्रों से जानी समस्या

वाई-फाई, वाटर प्यूरीफायर और कैंटीन व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा ने 3 अगस्त को जिला के हद में चास प्रखंड के जोधाडीह स्थित गुरुजी रात्रि पाठशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। विद्यार्थियों ने अध्ययन के दौरान आने वाली विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पाठशाला की वाई-फाई सुविधा को सुदृढ़ करने, बड़े क्षमता का वाटर प्यूरीफायर लगाने तथा कैंटीन का संचालन शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने यह भी घोषणा की कि पद्म भूषण दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर से गुरुजी रात्रि पाठशाला में देर रात्रि तक अध्ययन की व्यवस्था प्रारंभ की जाएगी। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अधिक समय तक अध्ययन करने की सुविधा मिलेगी।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास आवश्यक है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों की हर संभव सहायता और बेहतर शैक्षणिक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *