Advertisement

गार्डवाल बनाने के दौरान मिलर पलटने से सहायक ऑपरेटर की मौत

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला के हद में नावाडीह प्रखंड उपरघाट के सारूबेड़ा-पिलपिलो मार्ग पर पलामू वस्ती के समीप 16 सितंबर को गार्डवाल बनाने में लगा मशीन अचानक पलट गया। इस घटना में सहायक ऑपरेटर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। मृतक पेंक-नारायणपुर थाना के हद में जुड़ामना निवासी प्रशांत कुमार तुरी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सारूबेड़ा-पिलपिलो मार्ग पर पलामू-जूरमरवा जंगल के पास निर्माणाधीन सड़क बनाने के दौरान हादसे में मिलर मशीन के सहायक ऑपरेटर प्रशांत कुमार तुरी की मौत हो गई। रहिवासियों के अनुसार अचानक मिलर मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 20 फीट निचे खेत में पलट गया। जिससे मशीन का सहायक ऑपरेटर प्रशांत मशीन के नीचे दब गया।

रहिवासियों ने बताया कि उक्त भयावह घटना को देख मिलर मशीन का ऑपरेटर सत्येंद्र यादव वहीं बेहोश होकर गिर गया। उसका इलाज डीवीसी के बोकारो थर्मल अस्पताल में चल रहा है। सूचना पाकर पेंक-नारायणपुर तथा नावाडीह पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मशीन में दबे शव को कड़ी मशक्क़त से बाहर निकाला।

उक्त हृदय विदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के आश्रित को 20 लाख रुपए मुअवाजा और कंपनी में स्थायी नौकरी की मांग को लेकर पिलपिलो-सारूबेड़ा मुख्य पथ को जाम कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचे कंपनी के ठेकेदार जयलाल महतो को भी ग्रामीणों का कोपभाजन बनना पड़ा। ठेकेदार को बीच सड़क पर बैठ़ाकर ग्रामीण घेरे रहे। समाचार प्रेषण तक किसी प्रकार के समझौते की कोई सूचना नहीं है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *