Advertisement

नये मतदाताओं को जोड़ने को लेकर जिला प्रशासन ने शुरु की पहल

गंगोत्री प्रसाद सिंह/हाजीपुर (वैशाली)। अगले साल वर्ष 2024 में होनेवाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए वैशाली जिले के युवा मतदाता जो 18 वर्ष की उम्र पूरी कर चुके हैं या पूरा करनेवाले है उन सभी युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है।

इस संदर्भ में वैशाली के जिलाधिकारी यशपाल मीणा द्वारा जिला के युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी का स्पष्ट निर्देश है कि कोई भी युवा जो 18 वर्ष की आयु पूरा कर लिया है या 18 वर्ष की आयु पूरा करने वाला है, का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए।

बताया जाता है कि इसके लिए पिछले वर्षों में 12वीं परीक्षा में सम्मिलित छात्र-छात्राओं के चालीस हजार अभिभावकों का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर जिला शिक्षा कार्यालय से प्राप्त किया गया है। जिला के सभी प्रखंडों में 120 से अधिक कर्मियों द्वारा उक्त अभिभावकों से मोबाइल पर संपर्क स्थापित कर उनसे उनके बच्चों का नाम मतदाता सूची में होने अथवा नहीं होने की जानकारी प्राप्त की जा रही है।

साथ हीं मतदाता सूची में नाम जोड़ने संबंधी प्रक्रिया बताई जा रही है। नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र- 6 की जानकारी, ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन ऐप तथा नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल (nvsp.in) की विस्तृत जानकारी सहित स्थानीय बीएलओ के बारे में भी जानकारी दी जा रही है। इस अभियान में जिला के सभी प्रखंडों में विगत 3 अक्टूबर से प्रतिदिन कॉल किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार बीते 11 अक्टूबर को जिलाधिकारी मीणा द्वारा प्रखंडों से कॉल करने वाले सभी 120 कर्मियों के साथ बैठक कर सभी जरूरी जानकारी प्राप्त की गई। साथ हीं उन्हें निर्देश दिया गया कि आगामी 15 अक्टूबर तक जो भी आवेदन प्राप्त हुए हैं उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि कर दी जाए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *