ड्रिल पूरी तरह सफल और संतोषजनक रहा-डीआरएम
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्टेशन यार्ड में 21 सितंबर की सुबह 9:08 बजे रेल दुर्घटना का मॉक ड्रिल किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने मॉक ड्रिल को पूरी तरह सफल और संतोषजनक बताया।
मालूम हो कि सुबह 9: 08 बजे जैसे ही इमरजेन्सी हूटर जोर – जोर से बजने लगा जिसे सुनते ही सोनपुर रेल मंडल का दुर्घटना सहायता तंत्र तत्काल सक्रिय हो गया। मॉक ड्रिल में सूचना मिली कि सोनपुर जंक्शन पर एक गंभीर रेल दुर्घटना हुई है।
ट्रेन के दुर्घटना प्रभावित कोच में करीब 40 से 50 रेल यात्री फंसे हुए हैं। जिनमें कई यात्री घायल भी हैं।सूचना मिलते ही तत्काल मंडल के दुर्घटना सहायता यान को दुर्घटना स्थल के लिए रवाना कर दिया गया।साथ ही रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन भी दुर्घटना स्थल के लिए रवाना हो गए।

मॉक ड्रिल में दुर्घटना स्थल पर दुर्घटना सहायता यान के पहुंचते ही युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। इस बचाव कार्य मे एनडीआरएफ की भी मदद ली गई। लगभग डेढ़ घंटे बाद एडीआरएम -2 एम एम प्रसाद ने सूचित किया कि यह एक मॉक ड्रिल है, जिसे कर्मचारियों की तत्परता की जांच के लिए आयोजित किया गया है।
इस दुर्घटना सहायता एवं बचाव कार्य के मॉक ड्रिल में सहायता तथा बचाव के सभी कार्य ठीक उसी प्रकार किये गए जैसे कि वास्तविक दुर्घटना के बाद रेस्क्यू के दौरान किये जाते हैं। रेस्क्यू के दौरान बचाव दल द्वारा डिब्बों को कटर से काटा गया तथा डिब्बे की छत को काटकर घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया।
सामान्य रूप से घायल यात्रियों का दुर्घटना स्थल पर ही उपस्थित चिकित्सक तथा पैरा मेडिकल स्टाफ द्वारा प्राथमिक उपचार कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल मंडल चिकित्सालय सोनपुर लाया गया। इस दौरान गैस कटर से काम करने से आग लगने की भी मॉक ड्रिल की गई।
विदित हो कि यह मॉक ड्रिल सोनपुर यार्ड में आयोजित की गई थी। मॉक ड्रिल में सोनपुर रेल मंडल के 5 चिकित्सक सहित कुल 22 मेडिकल स्टाफ तथा इंजीनियरिंग, मेकैनिकल, इलेक्ट्रिकल आदि विभागों के करीब सौ से ज्यादा कर्मचारी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना स्थल पर कोऑर्डिनेशन, आवश्यक निर्देश देने, व्यवस्था बनाये रखने तथा प्रबंधन हेतु अमरेप्र-2 के साथ -साथ अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे। मॉक ड्रिल के पश्चात सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक विवेक भूषण सूद ने इसे पूरी तरह सफल एवं संतोषजनक बताया।
उन्होंने सभी कमर्चारियों एवं अधिकारियों की तत्परता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सोनपुर रेल मंडल द्वारा समय – समय पर दुर्घटना सहायता हेतू सहायता एवं बचाव प्रबंध तथा कर्मचारियों की तत्परता की जांच हेतु इस तरह के मॉक ड्रिल आयोजित किये जाते रहते हैं।
![]()













Leave a Reply