Advertisement

स्कूल के क्लास रूम छत का प्लास्टर गिरा, बाल बाल बचे छात्र व् शिक्षक

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में सारंडा के कुम्बिया गांव स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के क्लास रुम की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया। हालांक, इस दुर्घटना में अध्ययन रत छात्र और शिक्षक बाल बाल बच गये।

जानकारी के अनुसार उक्त स्कूल में वर्ग 5 तक की पढ़ाई होती है। नामांकित बच्चों की संख्या 71 है। इन बच्चों को पढ़ने के लिए विद्यालय में मात्र दो कमरा है। विद्यालय का दोनों कमरा समेत पूरा भवन पहले से ही जर्जर है।

बताया जाता है कि 20 सितंबर को जब क्लास प्रारम्भ हुआ, उसके कुछ देर बाद ही अचानक कमरे की छत के प्लास्टर का बड़ा हिस्सा टूटकर बच्चों के सामने गिर गया। इस घटना के बाद शिक्षक व बच्चों में अफरा-तफरी एवं भय का वातावरण हो गया। सारे बच्चे क्लास रुम से बाहर निकल गये। जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के अभिभावक भी स्कूल पहुंचे एवं शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के प्रति गहरी नाराजगी व्यक्त की। कुम्बिया गांव निवासी गोनो चाम्पिया ने कहा कि इस जर्जर भवन को लेकर अनेकों बार मौखिक व लिखित शिकायत की गई, लेकिन शिक्षा विभाग ने आज तक ध्यान नहीं दिया है।

विभाग की बड़ी लापरवाही से आज हमारे बच्चों की जान जा सकती थी। शिक्षा विभाग ऐसी अनेक घटनाओं से भी सबक नहीं ले रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कूल शिक्षा के लिए भेजते हैं, न कि शिक्षा विभाग व प्रशासन की लापरवाही से जान गंवाने के लिये।

इस मामले को सरकार व प्रशासन गंभीरता से लेकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए और दोषियों के खिलाफ कार्यवायी करे। दूसरी ओर हमारे बच्चे सुरक्षित भवन व वातावरण में आगे की शिक्षा कैसे प्राप्त करें, सरकार उसकी व्यवस्था सुनिश्चित कराये।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *