Advertisement

दो दिनों से लापता 11वर्षीय किशोर का शव गंगा नदी से बरामद

प्रहरी संवाददाता/सोनपुर (सारण)। वैशाली जिला के हद में बिदुपुर थाना क्षेत्र के सहदुल्लहपुर चकफरीद गांव के एक 11 वर्षीय किशोर अजीत कुमार का शव गंगा नदी में गोपालपुर घाट के समीप बरामद किया गया है। मृतक स्थानीय रहिवासी अखिलेश सिंह का पुत्र बताया जा रहा हैं।

जानकारी के अनुसार 17 मई को अजीत का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले का अनुसंधान कर रही है।
ग्रामीण सूत्रों के अनुसार अखिलेश सिंह का पुत्र अजीत बीते 15 मई की शाम से ही घर से गायब था।

परिवार के सदस्यों ने उसकी काफी खोजबीन की पर उसका कहीं कोई ट्रेस नहीं मिल रहा था। रिश्तेदारों में भी उसकी खोजबीन हुई थी। इसी बीच बीते  16 मई की शाम को गंगा नदी में मछली की जाल में फंसे होने की सूचना मछुआरों द्वारा गांववालों को दिया गया। परिजनों ने पहने हुए कपड़े से किशोर की पहचान की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। मृतक अजीत दो भाईयों में सबसे छोटा था। वह वर्ग द्वितीय का छात्र बताया गया है। मृतक के पिता हैदराबाद में किसी निजी कंपनी में काम करते है। मृतक के परिजन का रो- रो कर बुरा हाल हो गया है।

स्थानीय रहिवासियों के अनुसार वह गंगा नदी में क्यों गया? यदि स्नान करने गया तो उसके साथ कौन- कौन थे? स्नान के लिए नदी के जल में उतरा तो अपने शरीर से कपड़ा क्यों नहीं उतारा? आदि प्रश्न रहिवासियों के मन में यक्ष प्रश्न बन कर कौंध रहे हैं। पुलिस अनुसंधान से ही इसका जवाब मिलने की संभावना है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *