धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की मनी 147वीं जयंती

फिरोज आलम/जोनामोड़ (बोकारो)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को राज्य के शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार झा, डीडीसी कीर्तिश्री, चास एसडीओ दिलीप सिंह शेखावत समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती और झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर हम सब आज उनके बलिदानों को याद करते हैं।

बोकारो जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का अदम्य साहस, समर्पण और बलिदान से हमें प्रेरणा लेना चाहिए और समाज के प्रति अपनी नैतिक जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। उपायुक्त ने धरती आबा को नमन करते हुए कहा कि हम सभी के लिए इनका जीवन प्रेरणा स्रोत है कि कैसे उन्होंने अपने अदम्य साहस के बल पर अंग्रेजों से लोहा लिया था।

बोकारो विधायक बिरंची नारायण ने कहा कि हमें गर्व महसूस होता है कि भगवान बिरसा मुंडा की ख्याति देश एवं विदेशों में भी है। उनके द्वारा सिखाए गए रास्तों पर सभी को चलने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले साल 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के तौर पर मनाने की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य देश के इतिहास और संस्कृति में जनजातीय समुदायों के योगदान को याद करना है और आने वाले पीढ़ियों को अपने सांस्कृतिक विरासत व राष्ट्रीय गौरव के संरक्षण के लिए प्रेरित करना है।

 152 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *