प्रखंड कार्यालय पर बीजेपी का सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन

विजय कुमार साव/गोमियां (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में प्रखंड कार्यालय गोमियां के समक्ष भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा 11 नवंबर को झारखंड सरकार के विरोध में धरना प्रदर्शन किया। भाजपाईयों द्वारा आरोप लगाया गया कि झामुमो ने सरकार में आने से पहले राज्य की जनता से बड़े-बड़े वादे किए लेकिन सभी अधूरे रह गये हैं।

बोकारो जिला के हद में 11 नवंबर को भाजपा ने गोमियां प्रखंड कार्यालय के समक्ष जोरदार धरना प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के बोकारो जिलाध्यक्ष भरत यादव, जबकि संचालन साड़म मंडल अध्यक्ष शिवशंकर दुबे ने की।

इस अवसर पर धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक छत्रु राम महतो ने कहा कि ईडी के डर से राज्य के मुख्यमंत्री 1932 का खतियान आधारित नियोजन नीति और ओबीसी का आरक्षण बिल विधानसभा में पारित किया है।

उन्होंने कहा कि राज्य में झामुमो की सरकार बने तीन साल हो गए, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जो वादा किया था उसे पूरा करने के लिए एक भी काम नहीं किया। जैसे ही खनन लीज मामले में ईडी की जांच शुरू हुई, वैसे ही ताबड़तोड़ फैसले लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार शुरू से ही 1932 के खतियान आधारित नियोजन नीति की समर्थक रही है। इसे लागू करने के लिए नियम भी बनाई थी, किन्तु कोर्ट के हस्तक्षेप के कारण यह लागू नहीं हो सकी। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा।

साथ हीं कहा कि बहुत जल्द ही यह सरकार जाने वाली है और राज्य में चुनाव हो सकती है। गिरिडीह के पूर्व सांसद रविंद्र कुमार पांडेय और जिलाध्यक्ष भरत यादव ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में आने के पहले बड़े-बड़े वायदे किए थे, जिसमें बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता, किसानों को ऋण माफ, मुफ्त बिजली, पांच लाख रुपये का आवास और कई लुभावने वादे किए थे, जो अभी तक पूरे नहीं किए हैं।

उन्होंने कहा कि सीएम द्वारा बोकारो जिला के तीन प्रखंड को सुखाड़ घोषित नहीं किया गया है। जिसमें चास, चंदनक्यारी और चंद्रपुरा शामिल है। उन्होंने कहा कि सरकार यदि इस पर संज्ञान नहीं लेती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के नाम एक रुपये फीस पर जमीन रजिस्ट्री कर रही थी। जिसे मौजूदा सरकार ने रद्द कर दिया। राज्य में कोई भी व्यक्ति सुरक्षित नहीं है।

धरना प्रदर्शन के पहले गोमियां बैंक मोड़ से रैली निकाली गयी, जो मुख्य सड़कों से गुजरते हुए प्रखंड कार्यालय पहुंचा। हेमंत सरकार हटाओ, झारखंड बचाओ नारे के साथ कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में जिप सदस्य सुरेंद्र राज, पूर्व जिला बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार नायक, ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष चितरंजन साव, रोहित यादव, महेश बास्के, नारायण महतो, अनिल स्वर्णकार, श्रवण सिंह, चंदना डे, गंदौरी राम, मोहन कुमार, दरबारी मांझी व अन्य कार्यकर्तागण मौजूद थे।

 291 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *