रेलवे स्टेशन पर रह रहे बुजुर्ग को उपायुक्त ने वृद्धा आश्रम भेजने का दिया निर्देश
एस.पी.सक्सेना/देवघर(झारखंड)। देवघर जिला उपायुक्त (Deoghar district deputy commissioner) मंजूनाथ भजंत्री द्वारा 22 दिसंबर की संध्या बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन के साथ देवघर शहर के वीआईपी चौक, अंबेडकर चौक, बिग बाजार, का भ्रमण कर असहाय, भूमिहीन, दिव्यांग, रिक्शावाले, फुटपाथ पर सो रहे लोगो व जरुरतमंदो के बीच कम्बल का वितरण किया गया। कम्बल वितरण के क्रम में उपायुक्त ने लोगों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा ठंड के प्रति लोगों को सचेत कर ठंढ से बचने की सलाह दी। साथ ही किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में जाकर इलाज करवाने की सलाह दी। इस दौरान उपायुक्त भजंत्री ने जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौक-चौराहे के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर भी कंबल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कम्बल वितरण के क्रम में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल रही शीत लहर को देखते हुए जिला में कोई व्यक्ति चाहे वह बेघर हो या कोई अन्य व्यक्ति हो, वह खुले में या सड़कों पर ना सोए। सभी अधिकारी रात्रि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे कि कोई भी व्यक्ति खुले में तो नही सो रहा है। निरीक्षण करने वाले अधिकारी के पास उचित मात्रा में कम्बल होने चाहिए। अधिकारी हर सम्भव प्रयास करे कि ठंड से बचाव के लिए उस व्यक्ति को रैन बसेरा में पहुंचाया जाए। इसके अलावे वर्तमान में ठंड को देखते हुए शहरी क्षेत्र हेतु कपड़ो का बैंक बनाने की दिशा में पहल करते हुए जल्द से जल्द एक प्रारूप तैयार करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया, ताकि ठंड में असहाय, गरीब लोगों की मदद की जा सके।
कंबल वितरण के दौरान उपायुक्त भजंत्री ने बैद्यनाथ धाम रेलवे स्टेशन पर सो रहे करौ प्रखंड के बुजुर्ग सुखों महतो से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना। बुजुर्ग ने उपायुक्त से अकेले होने की बात कही। इसपर उपायुक्त ने संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उक्त वृद्ध को तत्काल वृद्धा आश्रम भेजने का निर्देश दिया, ताकि बुजुर्ग की समुचित देख भाल की जा सके। इस दौरान उपरोक्त के अलावे सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अधिकारी परमेश्वर मुंडा, वरीय लिपिक समीर चौबे एवं संबंधित विभाग के कर्मी आदि उपस्थित थे।
![]()












Leave a Reply