Advertisement

जीआरपी बोकारो थाना पहुंचे रेल पुलिस आईजी, संसाधनों की कमी पर जताई चिंता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) माईकल एस. राज ने 5 अगस्त को जीआरपी बोकारो थाना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर रेल पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार, रेल पुलिस उपाधीक्षक मनीष कुमार सिंह, जीआरपी बोकारो थाना प्रभारी अमरेंद्र कोटवाल, आरपीएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाना के मालखाना, अभिलेखों, पंजी तथा अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि बोकारो जीआरपी थाना में आवश्यक संसाधनों की कमी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान थाना भवन जर्जर स्थिति में है। रेलवे द्वारा नया थाना भवन बनाया गया है, लेकिन उसमें कई तकनीकी एवं आधारभूत कमियां हैं। इन कमियों को दूर करने के लिए रेलवे के उच्च अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक सुधार कराया जाएगा।

पेट्रोलिंग व्यवस्था पर आईजी ने कहा कि केवल बोकारो ही नहीं, बल्कि राज्य के अधिकांश जीआरपी थानों में पेट्रोलिंग वाहनों की कमी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग स्तर पर इस समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे, ताकि रेल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *