अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। वैशाली जिला मुख्यालय हाजीपुर स्थित अक्षयवट्ट राय स्टेडियम में आयोजित पद्मभूषण स्व. रामविलास पासवान स्मृति द्वितीय यूथ नेशनल सॉफ्टबॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में बिहार की टीम ने एक अगस्त को शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों वर्गों का खिताब अपने नाम कर लिया।
इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट फेडरेशन के निर्देशन और सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार व वैशाली के तत्वावधान में यह टूर्नामेंट आयोजित किया गया था। जिसमें पुरुष वर्ग में फाइनल में बिहार ने झारखंड को 7 विकेट से हराया।
जानकारी के अनुसार पहले बल्लेबाजी करते हुए झारखंड ने निर्धारित 10 ओवर में 3 विकेट पर 147 रन बनाए जिसमें अंकित का सर्वाधिक 102 रनो का योगदान रहा। लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार ने 8.4 ओवर में हीं 3 विकेट खोकर 149 रन बनाकर जीत दर्ज की। जिसमें हैप्पी ने नाबाद 75 और अनिकेत ने 57 रनों की पारी खेली। हैप्पी कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं महिला वर्ग में बिहार ने शेष बिहार को 57 रनों से शिकस्त दी। बिहार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 3 विकेट पर 173 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमें निक्की ने 102 रनों की आक्रामक पारी खेली। जवाब में शेष बिहार की टीम 10 ओवर में 2 विकेट खोकर मात्र 116 रन ही बना सकी। निक्की कुमारी को वुमेन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। आर सिटी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के डायरेक्टर इंजीनियर रवि कुमार ने घोषणा की कि टूर्नामेंट के मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ियों को उनके कॉलेज में बीबीए, बीसीए और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कोर्स में नि:शुल्क नामांकन दिया जाएगा।
इस अवसर पर सॉफ्टबॉल क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सुजय सौरभ, महासचिव साबिर खान, सचिव ज्योति कुमार, वैशाली सचिव रवि रंजन कुमार, कोषाध्यक्ष डॉ राजेश शुभांगी सहित कई गणमान्य और खेल संघ के पदाधिकारीगण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक सिंह कश्यप और सुरेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर जदयू नेता नेता राय आदि मुख्य रूप से मौजूद थे।
![]()













Leave a Reply