Advertisement

केपीएसपी हाई स्कूल में डीएम के औचक निरीक्षण में मिली कई खामियां

अव्यवस्था पर प्रधानाध्यापक को फटकार, सुधार के निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर प्रखंड के केपीएसपी उच्च विद्यालय (+2) गंगाजल के निरीक्षण के क्रम में तीन दिन पूर्व सारण डीएम वैभव श्रीवास्तव ने कई गंभीर खामियां पाई थीं। उप मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले निरीक्षण में पाई गई खामियों के बाद डीएम ने स्थलीय निरीक्षण संबंधी प्रतिवेदन में संबंधित अधिकारियों और प्रधानाध्यापक को व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश दिए हैं।

बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान बीते 19 जुलाई को जिलाधिकारी (डीएम) ने कक्षाओं, स्मार्ट क्लास, प्रयोगशालाओं और खेल प्रकोष्ठ का जायजा लिया था। इस दौरान बच्चों ने पठन-पाठन की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए बताया कि उन्हें पढ़ाई के लिए कोचिंग का सहारा लेना पड़ रहा है। पठन-पाठन की स्थिति को लेकर डीएम ने गहरी नाराजगी जताई।

कक्षा में छात्रों की संख्या के अनुसार बेंच-डेस्क का अभाव था। स्मार्ट क्लास में विषयवार गुणवत्तापूर्ण डिजिटल कंटेंट का प्रभावी उपयोग नहीं हो रहा था। प्रधानाध्यापक कक्ष की दरी गंदी, वाणिज्य कक्ष के फर्नीचर जर्जर और खेल प्रकोष्ठ के जिम उपकरण धूल से ढके पाए गए। जीव विज्ञान प्रयोगशाला में उपलब्ध महंगे मैकेनिकल किट का शैक्षणिक उपयोग शून्य था। स्कूल परिसर का सौंदर्यीकरण नहीं किया गया था और चारदीवारी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं थी।

डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि संसाधनों का अधिकतम उपयोग विद्यार्थियों के हित में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पठन-पाठन, अनुशासन और साफ-सफाई में सुधार के लिए प्राथमिकता पर कार्य किया जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में निर्देशों की अवहेलना की गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी और कार्यपालक अभियंता (बीएसईआईडीसी) सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *