Advertisement

डीएमएफटी बैठक में सुरक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं को लेकर अहम निर्णय

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में 22 जुलाई को जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में जिले के समग्र विकास, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और लंबित योजनाओं के शीघ्र निष्पादन पर विस्तृत मंथन किया गया।

जानकारी के अनुसार उक्त बैठक में खनन प्रभावित क्षेत्रों के प्रमुख सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों, विद्यालयों, प्रखंड व अंचल कार्यालयों तथा थाना और सार्वजनिक स्थलों पर आधुनिक सीसीटीवी निगरानी प्रणाली स्थापित करने के प्रस्ताव पर विशेष जोर दिया गया, ताकि सुरक्षा को तकनीक आधारित बनाया जा सके।

इस अवसर पर डीएमएफटी से संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही वार्षिक प्रतिवेदन की स्वीकृति, स्मार्ट पंचायत प्रस्ताव और विभिन्न विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गयी। बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र में ट्रॉमा सेंटर से जुड़े प्रस्ताव और पैरामेडिकल कर्मियों के मानदेय भुगतान के विषय पर भी विचार किया गया। जिला उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कर स्वीकृत योजनाओं को जल्द धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा सहित कई अधिकारीगण उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *