Advertisement

खेल व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता को निखारता है-अर्पना सिंह

डीएवी कथारा में दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत क्लस्टर-5 की दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ 22 जुलाई को बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। 22 एवं 23 जुलाई तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में क्लस्टर-5 के सात डीएवी विद्यालयों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

समारोह का शुभारंभ आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ किया गया। डीएवी कथारा की छात्राओं ने संस्कृत, राजस्थानी एवं हिंदी भाषाओं में स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके उपरांत अनेकता में एकता की भावना को साकार करता देशभक्ति से ओतप्रोत समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसने उपस्थित दर्शकों को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत अनुशासित एवं आकर्षक ड्रिल प्रदर्शन ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके पश्चात खेल ध्वज फहराया गया तथा खेल मशाल प्रज्वलित कर प्रतियोगिताओं के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई।

समारोह की मुख्य अतिथि सीसीएल कथारा क्षेत्र के महाप्रबंधक ए.के.बी. सिंह की धर्मपत्नी एवं अर्पिता महिला समिति कथारा की अध्यक्षा अर्पना सिंह थीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल व्यक्ति में नेतृत्व क्षमता को निखारता है। खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व कौशल का सशक्त आधार है। कहा कि खेलों से विकसित गुण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता दिलाने में सहायक होते हैं।

समारोह में विशिष्ट अतिथियों में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के एसडीओसीएम के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार तिवारी, कथारा क्षेत्र के क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक राजीव रंजन, डीएवी झारखंड जोन-एफ के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह- डीएवी ढोरी के प्राचार्य निशिकांत कर, डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा, डीएवी ललपनिया के प्राचार्य तन्मय बनर्जी, डीएवी सिल्ली की प्राचार्या बुबुन शरण, पिट्स मॉडर्न स्कूल गोमिया के प्राचार्य बृजमोहन लाल दास, कथारा ओपी प्रभारी, कथारा महिला समिति की सदस्या अनीता सिंह, पारोमिता दत्ता एवं प्रीति सेन, समाजसेवी सुनीता सिंह, सीसीएल वेलफेयर समिति के सदस्य रामेश्वर मंडल, पूर्व खिलाड़ी सह समाजसेवी मोहम्मद फारूक, समाजसेवी विनय सिंह, मनोज तिवारी, उगन गोप, ट्रेड यूनियन नेता कामोद प्रसाद यादव तथा अनेक गणमान्य उपस्थित थे।

उद्घाटन समारोह को झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी सह-विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी.एन. खान ने अपने स्वागत भाषण में मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आगंतुकों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने डीएवी संस्थान की समृद्ध खेल परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। कहा कि डीएवी सदैव शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करता रहा है।

समारोह के अंत में डीएवी स्वांग के प्राचार्य अनुज कुमार मिश्रा ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, शिक्षकों एवं आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया।
दो दिवसीय राष्ट्रीय खेल के प्रथम दिवस के प्रतियोगिता के वॉलीबॉल के अंडर-14 (बालक) वर्ग में डीएवी कथारा को स्वर्ण एवं स्वांग ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 (बालिका) वर्ग में डीएवी स्वांग ने कथारा को पराजित किया। अंडर-17 (बालक) वर्ग में डीएवी कथारा ने स्वांग को पराजित किया। अंडर-17 (बालिका) वर्ग में डीएवी स्वांग ने कथारा को पराजित किया।

क्रिकेट प्रतियोगिता के बालक वर्ग (अंडर 17) में डीएवी दुग्दा ने स्वर्ण पदक एवं ललपनिया ने रजत पदक जीता। (अंडर -19) में डीएवी कथारा ने स्वर्ण पदक एवं स्वांग ने रजत पदक जीता। वहीं खो-खो प्रतियोगिता के बालक वर्ग (अंडर 14) में डीएवी तेनुघाट ने स्वांग को पराजित किया। बालिका वर्ग (अंडर 14) में डीएवी ललपनिया ने भंडारीदाह को पराजित किया।

इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर.एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, राकेश रंजन, बी.के. दसौंधी, तेजो मित्रा पाठक, आराधना, रेखा कुमारी, वीणा कुमारी, सुजला के., मधुमल्लिका उपाध्याय, ओशीन, ममता पात्रा, विकास सिंह, संगीत कुमार, शारीरिक प्रशिक्षक शिवप्रकाश सिंह, ओंकार मिश्रा, सुशील कुमार, जियालाल आदि की सराहनीय भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *