अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले पवित्र सावन मास के मद्देनजर सारण जिला के हद में सोनपुर अनुमंडल प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है।
ज्ञात हो कि, सावन माह के दौरान लाखों श्रद्धालु पहलेजा धाम घाट से कांवर में दक्षिण वाहिनी गंगा का जल लेकर बाबा हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। इसके बाद वे लगभग 60 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर मुजफ्फरपुर स्थित बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचते हैं। कांवरियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
सारण के जिलाधिकारी के निर्देश पर सोनपुर की अनुमंडल पदाधिकारी स्निग्धा नेहा, एसडीपीओ सुमित कुमार आर्य, कार्यपालक दंडाधिकारी रामजी पासवान, बीडीओ अरोमा मोदी, सीओ राजकुमार, बीपीआरओ राजेश कुमार, सोनपुर थानाध्यक्ष दिलीप कुमार एवं पहलेजा थानाध्यक्ष ने संयुक्त रूप से 21 जुलाई को पहलेजा घाट और कांवरिया पथ का निरीक्षण किया।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पहलेजा घाट से लेकर भरपुरा वर्मा चौक तक मार्ग का जायजा लिया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए गए। अनुमंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवरियों के मार्ग में किसी भी प्रकार का अवरोध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञात हो कि, स्थानीय मुखिया अनिल राय को पहलेजा घाट क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा, पहलेजा घाट से हरिहरनाथ मंदिर तक जाने वाली निचली सड़क पर जल जमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया गया है कि जिस माध्यम से उक्त सड़क पर पानी बहाया जा रहा है, वे अविलंब जल निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था करें।
इस अवसर पर प्रशासन ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि सड़क पर पानी बहाने या सरकारी आदेश की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध विधि सम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि सावन मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्था समय रहते पूरी कर ली जाएगी।
![]()













Leave a Reply