Advertisement

एनसीसी की वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में डीएवी कथारा के दर्जनों कैडेट्स ने पायी सफलता

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा की प्रार्थना सभा में 17 जुलाई को 22वीं झारखंड बटालियन एनसीसी हजारीबाग द्वारा आयोजित वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के एनसीसी कैडेटों को झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी- सह विद्यालय के प्राचार्य डॉ जी. एन. खान द्वारा सम्मानित किया गया।

यह प्रशिक्षण शिविर बीते 7 से 16 जुलाई तक आयोजित किया गया था, जिसमें डीएवी कथारा के कैडेटों ने अनुशासन, नेतृत्व, खेल एवं सह-पाठ्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।

जानकारी देते हुए डीएवी कथारा के शिक्षक बी. के. दसौंधी ने बताया कि उक्त शिविर में विद्यालय की छात्रा नव्या अंबिका कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टग ऑफ वॉर एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक तथा वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं रितेश कुमार एवं लक्ष्य कुमार ने टग ऑफ वॉर में स्वर्ण पदक अर्जित किया। छात्र हर्षित रजक ने वॉलीबॉल प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। शिविर में भाग लेने वाले अन्य सभी एनसीसी कैडेटों को सफल प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर सम्मानित कैडेटों में अनीश कुमार, तेजस सिंह, रणवीर यादव, दीपांशु कुमार, विष्णु कुमार प्रजापति, हर्षित रजक, रितेश कुमार, हर्ष कुमार, लक्ष्य कुमार, नव्या अंबिका कुमारी, शिखा कुमारी, अनन्या कुमारी, पुनी कुमारी, साक्षी कुमारी, नव्या सिंह एवं याशिका शामिल थे।

सम्मान समारोह के अवसर पर डीएवी झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ जी. एन. खान ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, राष्ट्रभक्ति और उत्कृष्ट चरित्र निर्माण की सशक्त पाठशाला है। उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त प्रशिक्षण विद्यार्थियों के भीतर आत्मविश्वास, समय-प्रबंधन, टीम भावना, विपरीत परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता तथा सेवा-भाव का विकास करता है।

कहा कि आज के युवा यदि एनसीसी के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएँ तो वे न केवल सफल नागरिक बनेंगे, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को ऐसी गतिविधियों के लिए प्रेरित करता रहेगा, जिससे वे शिक्षा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास के प्रत्येक आयाम में आगे बढ़ सके। कहा कि इन कैडेटों की उपलब्धियाँ पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय हैं। साथ ही साथ विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत भी है। भविष्य में विद्यार्थी एनसीसी का अंग बनकर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास कर सकते हैं।

इस उल्लेखनीय उपलब्धि के पीछे विद्यालय के एनसीसी आर्मी विंग के सीटीओ शिवप्रकाश सिंह का समर्पित मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण विशेष रूप से सराहनीय रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने एवं विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक पंकज कुमार, नागेंद्र प्रसाद, डॉ आर. एस. मिश्रा, जितेंद्र दुबे, असित कुमार गोस्वामी, डॉ टी.एम. पाठक, बी के दसौंधी, राकेश रंजन, रितेश कुमार, जयपाल साव, आराधना, वीणा कुमारी, रेखा कुमारी, ओशीन, ममता पात्रा, मधुमल्लिका उपाध्याय, सुमन कुमारी, बबली कुमारी, संगीत कुमार, जय प्रकाश गिरि एवं ओंकार मिश्रा सहित विद्यालय परिवार की सराहनीय भूमिका रही।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *