Advertisement

देवस्नान पूर्णिमा पर 300 वर्ष पुरानी परंपरा के साथ जगन्नाथ मंदिर गुवा में साही स्नान

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। देवस्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर 29 जून को पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में गुवा स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में लगभग 300 वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा का श्रद्धा, आस्था एवं वैदिक विधि-विधान के साथ निर्वहन किया गया।

इस अवसर पर भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का पारंपरिक साही स्नान (महास्नान) भव्य रूप से संपन्न कराया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार सात पवित्र जलाशयों से एकत्रित पवित्र जल से महाप्रभु भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र एवं देवी सुभद्रा का महाअभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच संपन्न इस पावन आयोजन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।

जानकारी के अनुसार स्नान अनुष्ठान मंदिर के पुजारी जितेंद्र पंडा ने विधिवत संपन्न कराया। साही स्नान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गहरी आस्था, श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। श्रीजगन्नाथ मंदिर कमेटी ने बताया कि देवस्नान पूर्णिमा के अवसर पर शाम को मंदिर परिसर में भजन संध्या का आयोजन किया गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *