रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला प्रशासन ने 28 जून को जिले में अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ व्यापक औचक छापेमारी अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल बरामद कर जब्त किया गया। मामले में संलिप्त कारोबारियों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई चास अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) प्रांजल ढांडा के नेतृत्व में की गई। अभियान में कार्यपालक दंडाधिकारी जया कुमारी, सेक्टर-12 थाना प्रभारी सुभाष चन्द्र सिंह, बालीडीह थाना प्रभारी संदीप तथा पुलिस बल शामिल रहे। बताया जाता है कि प्रशासन की टीम ने सबसे पहले बोकारो के सेक्टर बारह स्थित आरबीएस कॉलेज के समीप छापेमारी की। यहां एक एचपीसीएल ट्रांसपोर्टर के तेल टैंकर के साथ ड्रमों में बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पेट्रोल और डीजल बरामद किया गया।
इसके बाद टीम ने बालीडीह थाना क्षेत्र के बीपीसीएल प्लांट के समीप सीमलदुही में छापेमारी की, जहां ड्रमों में बड़ी मात्रा में पेट्रोल, डीजल और इथेनॉल का अवैध भंडारण मिला। प्रशासन ने मौके से सभी ईंधन को जब्त कर लिया। अभियान के तीसरे चरण में गरगा डैम के समीप झोपरा क्षेत्र में छापेमारी की गई। यहां एक छोटा तेल टैंकर वाहन, कई खाली ड्रम तथा ईंधन भंडारण में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गयी, जिसे जब्त कर लिया गया।
मौके पर एसडीओ प्रांजल ढांडा ने कहा कि जन सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध ईंधन कारोबार के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कहा कि अवैध भंडारण और बिक्री में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजनों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध रूप से पेट्रोल, डीजल या इथेनॉल का भंडारण अथवा बिक्री हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
समाचार लिखे जाने तक जब्त पेट्रोल, डीजल एवं इथेनॉल की मात्रा का आकलन किया जा रहा था। साथ ही एचपीसीएल और बीपीसीएल के अधिकारियों द्वारा आगे की आवश्यक कानूनी एवं तकनीकी कार्रवाई जारी थी।
![]()













Leave a Reply