Advertisement

इमाम हुसैन का बलिदान इंसानियत और न्याय की अमर प्रेरणा-मंत्री

कसमार के गांधी मैदान में मुहर्रम कार्यक्रम में शामिल हुए मंत्री योगेंद्र प्रसाद

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड सरकार के मंत्री योगेंद्र प्रसाद 26 जून को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के गांधी मैदान में मुहर्रम के अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान, साहस और न्याय की रक्षा का प्रतीक है। हज़रत इमाम हुसैन की कर्बला की शहादत पूरी मानवता को यह संदेश देती है कि सत्य और इंसाफ की रक्षा के लिए हर परिस्थिति में अडिग रहना चाहिए। उनका बलिदान अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष की अमर प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और इंसानियत ही एक मजबूत समाज की नींव है। इन मूल्यों के साथ हम सभी को मिलकर न्यायपूर्ण, समरस और विकसित समाज के निर्माण के लिए आगे बढ़ना होगा। उन्होंने मुहर्रम जुलूस व् कार्यक्रम के आयोजक समिति एवं समस्त क्षेत्रवासियों को सफल आयोजन के लिए साधुवाद व् शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने अखाड़ों के पारंपरिक प्रदर्शन का अवलोकन किया तथा गणमान्य जनों से मिलकर मुहर्रम की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय रहिवासी उपस्थित थे। प्रशासन की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया।

मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) बेरमो मनोज कुमार ने कहा कि मुहर्रम त्याग, सत्य, न्याय और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। कसमार में सभी समुदायों के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने सभी आम व् खास से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए सफल आयोजन के लिए आयोजकों और क्षेत्रवासियों को बधाई दी। अंचल अधिकारी (सीओ) नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता पूरे आयोजन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना रहा है। सभी अखाड़ा समितियों एवं आम जनों के सहयोग से कार्यक्रम अनुशासित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नम्रता जोशी ने कहा कि सामाजिक एकता और पारस्परिक विश्वास ही किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। मुहर्रम का पर्व हमें आपसी भाईचारा, सहयोग और इंसानियत का संदेश देता है। थाना प्रभारी कुंदन कुमार ने कहा कि मुहर्रम के अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और आमजनों के सहयोग से कार्यक्रम बिना किसी व्यवधान के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *