Advertisement

बेरमो के लाइफलाइन हीरक मार्ग के स्थायी समाधान को लेकर उच्चस्तरीय बैठक

पांच नंबर धौड़ा मार्ग की स्थिति पर विधायक ने की समीक्षा, त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश

एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के फुसरो स्थित पांच नंबर धौड़ा आरसीडी मार्ग पर भूमिगत आग और भू-धंसान से उत्पन्न स्थिति के स्थायी समाधान को लेकर 24 जून को चपरी रेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

आयोजित बैठक में बेरमो विधायक कुमार जयमंगल सिंह ने प्रशासनिक एवं सीसीएल अधिकारियों के साथ मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के महाप्रबंधक, बेरमो अनुमंडल पदाधिकारी, एसडीपीओ, बेरमो अंचल अधिकारी, फुसरो नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, सड़क निर्माण विभाग के पदाधिकारी एवं बेरमो थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।

बैठक के दौरान ढोरी पांच नंबर धौड़ा आरसीडी हिरक मार्ग की वर्तमान स्थिति, प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा, वैकल्पिक मार्ग निर्माण तथा आमजन की सुविधा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनुप सिंह ने कहा कि यह सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि सीसीएल ढोरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों की लाइफलाइन है।

इसलिए समस्या के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं स्थायी समाधान की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाएं। साथ ही प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी, वैकल्पिक आवागमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा भविष्य में किसी भी संभावित जोखिम को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए आवश्यक तकनीकी और प्रशासनिक कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है तथा जल्द ही स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। ज्ञात हो कि, पांच नंबर धौड़ा आरसीडी मार्ग पर उत्पन्न संकट को देखते हुए प्रशासन, सीसीएल प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों का एक मंच पर आना इस बात का संकेत है कि क्षेत्र की लाइफलाइन को सुरक्षित रखने के साथ-साथ आसपास रहने वाले आमजन और उनके घरों को भी खतरे से बचाने के लिए अब निर्णायक पहल शुरू हो चुकी है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *