प्रहरी संवाददाता/बोकारो। झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित बीस्ट क्लासिक झारखंड राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग एवं आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में बोकारो जिला के हद में ए वन स्टार फिटनेस क्लब फुसरो के युवा प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बेरमो कोयलांचल क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों की उपलब्धि से क्लब एवं खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
बताया जाता है कि आयोजित प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग के 93 किलोग्राम भार वर्ग में अंकित राज ने पावर लिफ्टिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग के 83 किलोग्राम भार वर्ग में मनीष शर्मा ने भी पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग के 63 किलोग्राम भार वर्ग में सुमीत पांडेय ने पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया। वहीं आकाश ने आर्म रेसलिंग के ओपन वर्ग में भाग लेते हुए पांचवां स्थान प्राप्त कर क्लब का मान बढ़ाया।
खिलाड़ियों की इस सफलता पर क्लब प्रबंधक शैलेश कुमार ने सभी खिलाड़ियों को साधुवाद देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी क्लब के खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर फुसरो सहित बेरमो कोयलांचल का नाम रोशन करेंगे। फुसरो बाजार स्थित ए वन स्टार फिटनेस क्लब के सदस्यों एवं खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
![]()













Leave a Reply