Advertisement

भाकपा माले ने मुख्यमंत्री को जनसरोकारों से जुड़े सवाल का सौंपा मांग-पत्र

रद्द हजारों राशनकार्ड की जांच कर पुनर्बहाल करने का आदेश दे सरकार-सुरेंद्र

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 24 जून को समस्तीपुर जिला के हद में खानपुर आगमन के अवसर पर भाकपा माले ने जिले की ज्वलंत समस्याओं से उठते एक मांग-पत्र पूर्व में मीडिया के माध्यम से और खानपुर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में तैनात अधिकारियों के माध्यम से सौंपा।

भाकपा माले जिला स्थायी समिति सदस्य सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि समस्तीपुर सहित पूरे बिहार में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ती हत्या, लूट, छिनतई एवं अन्य आपराधिक घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। सरकार अपराध पर नियंत्रण और ताजपुर थाना कांड क्रमांक-98/26 एवं महिला थाना नाबालिग दुष्कर्म कांड संख्या 61/26 समेत जिले के अन्य सभी संगीन कांडों के अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करे।

माले नेता ने विकास योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और अफसरशाही पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिले में लगभग 60 हजार रद्द किए गए राशन कार्डों को पुनर्बहाल करने तथा मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू कर ग्रामीण मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की गई। जिला के हद में हसनपुर प्रखंड के सुंदरैयानगर से उजाड़े गये 960 भूमिहीनों को वासगीत पर्चा देकर बसाने समेत दलित-गरीबों पर बुलडोजर चलाने पर रोक लगाने, जिले के तमाम भूमिहीनों को वासभूमि एवं आवास देने की मांग की गयी है।

मांग-पत्र में बंद दूधपुरा हवाई अड्डा, समस्तीपुर चीनी मिल, ठाकुर पेपर मिल सहित अन्य उद्योगों को पुनः चालू करने तथा मुक्तापुर स्थित रामेश्वर जूट मिल के विकास एवं विस्तार की गारंटी देने की भी मांग की गई है। साथ ही किसानों को मुफ्त खाद, बीज, बिजली, पानी एवं कृषि यंत्र उपलब्ध कराने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर के कर्मभूमि ताजपुर को पुनः विधानसभा एवं अनुमंडल का दर्जा देने सहित कर्पूरीग्राम-ताजपुर-पातेपुर-महुआ-भगवानपुर, केबल स्थान से कर्पूरीग्राम, मुक्तापुर से कुशेश्वरस्थान नई रेल लाईन निर्माण, पूर्व शिलान्यासित मुक्तापुर रेल गुमटी पर ओवरब्रीज निर्माण कार्य की शुरुआत कराने, अटेरनचौक, पूसा रोड समेत शहर के अन्य रेल गुमटी पर ओवरब्रीज निर्माण कराने में मुख्यमंत्री स्तर से पहल करने की मांग की है।

भाकपा माले नेता सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से इन जनसमस्याओं पर ठोस पहल करने और समस्तीपुर जिला के विकास एवं रोजगार सृजन के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। माले नेता ने कहा है कि जिले की जनता मुख्यमंत्री के दौरे से सकारात्मक घोषणाओं और ठोस कार्रवाई की उम्मीद कर रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *