Advertisement

बोकारो में आगामी 28 जून को चलेगा राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान

अभियान में जिले के 3.53 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर बोकारो जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अभियान के तहत जिले भर में 2,005 पोलियो बूथों पर शून्य से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इस दौरान जिले के 3.53 लाख से अधिक बच्चों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए 16 जून को आयोजित बैठक में उप विकास आयुक्त (डीडीसी) शताब्दी मजूमदार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, आंगनबाड़ी कर्मियों, सहिया, स्वयंसेवी संगठनों तथा अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

डीडीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी बूथों पर आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता, कर्मियों की तैनाती तथा जन-जागरूकता गतिविधियों को समय पर पूरा किया जाए, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रह जाए। उन्होंने विशेष रूप से दूर-दराज और संवेदनशील क्षेत्रों में अभियान की प्रभावी निगरानी करने पर बल दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान बूथों के अलावा घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए प्रशिक्षित टीमों का गठन किया गया है, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि बोकारो जिला प्रशासन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं और राष्ट्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने के अभियान में अपना योगदान दें। दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार के संदेश के साथ जिला प्रशासन ने अभियान को सफल बनाने के लिए आमजनों से सहयोग की अपील की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *