Advertisement

वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे निर्माण में नियमों की अनदेखी, परिवहन विभाग सख्त

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे निर्माण कार्य में लगे वाहनों द्वारा परिवहन नियमों की लगातार अनदेखी किए जाने की शिकायतों के बाद बोकारो जिला परिवहन विभाग ने जिला के हद में कसमार क्षेत्र में 16 जून को विशेष जांच अभियान चलाया।

जानकारी के अनुसार बोकारो के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मारुति मिंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान ओवरलोड एवं बिना वैध दस्तावेजों के परिचालन कर रहे कई वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

बताया जाता है कि जांच के दौरान निर्माण कार्य में लगे कई हाईवा वाहनों को रोका गया। इनमें से कुछ वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर परिवहन कर रहे थे, जबकि कुछ वाहनों के पास आवश्यक ट्रांजिट पास, ई-पास एवं अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं पाए गए। परिवहन विभाग की टीम ने ऐसे वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान काटा और कई वाहनों को जब्त कर थाना के सुपुर्द कर दिया।

इस अवसर पर डीटीओ मारुति मिंज ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि एक्सप्रेस-वे निर्माण में लगे वाहन नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि सड़क पर ओवरलोड वाहनों का परिचालन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह सड़क सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।

डीटीओ मिंज ने कहा कि वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं में कार्यरत एजेंसियों और वाहन संचालकों को भी परिवहन नियमों का पूरी तरह पालन करना होगा। कहा कि विकास कार्य के नाम पर किसी को भी कानून तोड़ने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कई वाहन ओवरलोड पाए गए तथा कुछ वाहनों के पास आवश्यक कागजात नहीं थे। ऐसे मामलों में नियमानुसार जुर्माना एवं जब्ती की कार्रवाई की गई है। कहा कि जिला प्रशासन सड़क सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है।

कहा कि ओवरलोडिंग से सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं, दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ती है और आम जनों की जान जोखिम में पड़ती है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भविष्य में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों, संचालकों और संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील करते हुए कहा कि परिवहन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें, निर्धारित भार सीमा का पालन करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पूरी तरह अनुपालन करें, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और परिवहन व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *