Advertisement

डीसी के निर्देश पर छापेमारी अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जप्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) के निर्देश पर जिले में अवैध बालू खनन एवं परिवहन के विरुद्ध प्रशासन ने सघन जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में बोकारो में अवैध बालू खनन पर जिला प्रशासन द्वारा शिकंजा कसते हुए बीते 6 मई की देर रात्रि जिला के हद में जैनामोड़ के बाँधडीह में छापामारी कर एक ट्रैक्टर जब्त कर जरीडीह थाना को सौंप दिया गया।

जानकारी के अनुसार खान निरीक्षक सीताराम टुडू व अजय कुमार महतो के नेतृत्व में की गयी कार्रवाई में 6 मई की देर रात्रि उपायुक्त बोकारो के सख्त निर्देशानुसार जिला खनन विभाग और पुलिस ने अवैध बालू खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। टेकर स्टैंड बाँधडीह के समीप चलाए गए विशेष छापामारी अभियान में अवैध रूप से बालू खनिज का प्रेषण कर रहे एक ट्रैक्टर को रंगे हाथों पकड़ा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को कब्जे में लिया और विधिवत जब्ती की प्रक्रिया पूरी कर उसे जरीडीह थाना के सुपुर्द कर दिया। इस अभियान का नेतृत्व खान निरीक्षक सीताराम टुडू और खान निरीक्षक अजय कुमार महतो ने किया। मौके पर पर्याप्त पुलिस बल भी मौजूद रहा, जिससे अवैध खननकर्ताओं में हड़कंप मच गया।

बोकारो जिला प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन से पर्यावरण को नुकसान और सरकारी राजस्व की हानि हो रही है। कहा गया कि ऐसे छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और दोषियों पर खनन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम जनों से भी अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को दें।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *