Advertisement

जोनल आईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक

प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। बोकारो जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने 6 मई को जिला मुख्यालय धनबाद में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पदभार संभालने के बाद यह उनकी धनबाद में पहली बैठक थी, जिसमें जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक, वरीय अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान आईजी सिन्हा ने अधिकारियों के साथ धनबाद जिला में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की और अपने कार्य-योजना को साझा किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को टीम वर्क के साथ काम करने और तय लक्ष्यों को हासिल करने पर जोर दिया। आईजी ने कहा कि बेहतर समन्वय और स्पष्ट रणनीति के जरिए ही पुलिसिंग को प्रभावी बनाया जा सकता है।

मीडिया से बातचीत में आईजी सिन्हा ने बताया कि बीते माह 18 अप्रैल को पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने 25 अप्रैल को हजारीबाग में भी समीक्षा बैठक की थी, जिसमें वरीय पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। उसी कड़ी में धनबाद में यह बैठक आयोजित की गई है। आईजी ने कहा कि सभी अधिकारियों को उनके लक्ष्य स्पष्ट रूप से बताए गए हैं और उन्हें उसी दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के रूप में काम करते हुए पुलिस बेहतर प्रदर्शन करेगी और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान किया जा सकेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *