Advertisement

गोमिया में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन

विजय कुमार साव गोमिया (बोकारो)। झारखंड सरकार की महत्वाकाक्षी योजना आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन 25 नवंबर को बोकारो जिला के हद में गोमिया में किया गया। आयोजन में प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार झारखंड सरकार के निर्देश पर बीते 21 नवंबर से आगामी 15 दिसंबर तक गोमिया प्रखंड के सभी पंचायतों में आपकी योजना–आपकी सरकार–आपके द्वार कार्यक्रम के तहत विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी के तहत 25 नवंबर को प्रखंड के हद में पलिहारी गुरूडीह पंचायत के मध्य विद्यालय गोमिया में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त शिविर पलिहारी गुरूडीह एवं गोमिया पंचायत के रहिवासियों के लिए लगाया गया।

शिविर का उद्घाटन गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) महादेव कुमार महतो, थाना प्रभारी रवि कुमार, पलिहारी मुखिया सपना कुमारी एवं गोमिया पंचायत के मुखिया बलराम रजक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजित शिविर में जाति, आवासीय, आय प्रमाण पत्र, अबुआ आवास, स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, सदस्यता, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्री बाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, बिरसा हरित ग्राम योजना, हरा राशन कार्ड, बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना, गुरूजी स्टुडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना, पशुधन योजना, आयुष्मान कार्ड वितरण तथा सामुदायिक एवं व्यक्तिगत वन पट्टा से संबंधित स्टॉल, गोमिया पुलिस के जन जागरूकता स्टॉल, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग आदि के लगाए गए।

इस दौरान ग्रामीणों द्वारा संबंधित स्टॉल में कई आवेदन जमा किए गए, जिसमें से कई आवेदन का निष्पादन ऑन द स्पॉट किया गया। वहीं कई आवेदनों पर जल्द कारवाई करने की बात कही गई। इस अवसर पर बीडीओ महतो ने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की योजनाओं को सीधे आमजनों तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। हमारा प्रयास होगा कि कोई भी जरूरतमंद सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *