Advertisement

यात्री बस का ब्रेक फेल, चार वाहनों को मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला

प्रहरी संवाददाता/जमशेदपुर (झारखंड)। जमशेदपुर के मानगो में एक यात्री बस का ब्रेक फेल होने के बाद बस अनियंत्रित होकर चार वाहनों को टक्कर मारकर बीच सड़क पर रुक गयी। संयोगवश बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के मानगो पुल के समीप यात्रियों से भरी बस क्रमांक WB55B/6112 का अचानक ब्रेक फेल हो गया। इससे बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा तफरी मच गई। चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया जिससे बस ने सड़क किनारे खड़ी चार वाहनों को टक्कर मार दी।

अच्छी बात यह रही कि दुर्घटना के समय बस की रफ्तार कम थी। अन्यथा बड़ा हादसा संभव था। बताया जाता है कि वाहनों में ठोकर मारने के बाद उक्त बस बीच सड़क पर रुक गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त बस धनबाद के निरसा से चिरकुंडा, रघुनाथपुर, पुरुलिया मार्ग से जमशेदपुर के लिए चलती है। बताया गया कि घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे। मानगो पुल के पास बस का अचानक ब्रेक फेल हो गया।

इधर मानगो ट्रैफिक पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन वाहनों में बस ने टक्कर मारी है उसके मालिकों ने मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर जाम लग गया। मौजूद मानगो यातायात पुलिस ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया। मुआवजे की मांग पर सहमति बनने के बाद मामला शांत हो गया।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *