Advertisement

हिसीम एवं सिंहपुर पैक्स में धान अधिप्राप्ति क्रय केंद्र का मंत्री ने किया उद्घाटन

किसानों से औने-पौने दर पर धान लेनेवाले बिचौलियों पर होगी कार्रवाई-मंत्री

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। किसानों से औने-पौने दर पर धान खरीद पर बाहर के मंडियों में ले जाकर बेचने वाले बिचौलियों को चिह्नित कर चेतावनी दी जायेगी। अगर बाज नहीं आये तो सख्त कार्रवाई होगी।

उक्त बातें सूबे के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद महतो ने 15 दिसंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसीम एवं सिंहपुर पैक्स में धान अधिप्राप्ति क्रय केंद्र का उद्घाटन करने के बाद कही। उन्होंने हिसीम पैक्स में 500 मीट्रिक टन (एमटी) क्षमता का गोदाम एवं मार्केट सेंटर भवन का भी शिलान्यास किया।

इस अवसर पर मंत्री महतो ने कहा कि क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों को पैक्स के माध्यम से सरकार को धान बेचने की अपील किया जा रहा है। पैक्स के माध्यम से धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 23 सौ रूपया प्रति क्विंटल एवं राज्य सरकार द्वारा अतिरिक्त 100 रूपया प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है। यानि कुल 24 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदारी पैक्स के माध्यम से की जा रही है। जिससे किसानों को उचित दाम व सम्मान मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि बोकारो जिले में कुल 2 लाख क्विंटल धान की खरीदारी का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि हिसीम पैक्स में धान अधिप्राप्ति के बाद भंडारण हेतु गोदाम नहीं रहने से दिक्कत हो रही थी। इसे लेकर गोदाम भवन निर्माण का शिलान्यास किया गया है। गोदाम के निर्माण से पैक्स को अतिरिक्त सुविधा होगी। गोदाम निर्माण कार्य के संवेदक को चेतावनी देते हुए मंत्री ने कहा कि कार्य में गड़बड़ी होने पर नपे जाओगे।

मौके पर बोकारो के डीएसओ शालिनी खलको, कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी, बीडीओ नम्रता जोशी, सीओ प्रवीण कुमार, बीस सूत्री अध्यक्ष दिलीप कुमार हेंब्रम, बीएसओ राणा रमेश कुमार सिंह, आनंद महतो, भरत किशोर साव, विमल जायसवाल, बिनोद कुमार महतो, शेरे आलम, बैजनाथ महतो, संजू देवी, गीता देवी, कल्पना देवी, राजेश टूडू, श्याम लाल मांझी, लालदेव महतो, आनंद महतो, संजय महतो आदि क्षेत्र के किसान उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *