Advertisement

सीमेंट फैक्ट्री में ट्रक और दीवार के बीच दबने से झारखंड के मजदूर की मौत

मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपये मुआवजा मिले-प्रभात रंजन गुप्ता

प्रहरी संवाददाता/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड में सरसौना स्थित सीमेंट फैक्ट्री में बीते 12 दिसंबर की रात्रि ट्रक एवं दीवार के बीच दबने से झारखंड के एक मजदूर की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान झारखंड के पलामू जिला रहिवासी भोला चंद्रवंशी के 22 वर्षीय पुत्र सूर्यकांत कुमार के रूप में की गयी हैं। बताया जाता हैं कि बार-बार मजदूर की मौत होने एवं प्रबंधक द्वारा साजिश के तहत सूचना छुपाने से आक्रोशित परिजनों द्वारा प्रबंधक के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर भयंकर लाठीचार्ज किया, जिसमें दर्जनों रहिवासियों के घायल होने की सूचना है।

कथित तौर पर पुलिस लाठीचार्ज से गुस्साये आंदोलनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव किया गया। इसमें आधे दर्जन पुलिस कर्मी के घायल होने की जानकारी मिल रही है। उक्त घटना की जानकारी मिलने पर भाकपा माले की एक टीम प्रभात रंजन गुप्ता के नेतृत्व में घटना स्थल पर पहुंचने की कोशिश की, लेकिन फैक्ट्री प्रबंधक के इशारे पर उन्हें रोक दिया गया। टीम ने स्थानीय रहिवासियों से मिलकर घटना की जानकारी प्राप्त की।

इस संबंध में 13 दिसंबर को भाकपा माले के ताजपुर प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि प्रबंधक घटना की जानकारी प्रशासन को दिये बगैर घटना को छुपाने की कोशिश की। बताया कि इससे पहले भी दुर्घटना में हुई मौत को छुपाने की कोशिश की गई थी।यह प्रबंधक का गैर जिम्मेदाराना कारवाई है। इसकी उच्च स्तरीय जांच कर प्रबंधक पर पुलिस प्रशासन एफआईआर दर्ज करें एवं मृतक के परिजनों को 10 लाख रूपये मुआवजा दे।

माले नेता ने जानकारी का हवाला देते हुए कहा कि फैक्ट्री में आधे-अधूरे कार्य हुए हैं। इससे वाहनों के आवागमन एवं आगे-पीछे करने में समस्या आती है। फैक्ट्री में कम पैसे पर अकुशल मजदूर से कार्य कराये जाते हैं। उन्होंने फैक्ट्री के अधूरे कार्यों को पूरा करने तथा मजदूर को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करने की मांग की है।

इधर भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने भीड़ से निपटने में पुलिस का नाकाम होने का आरोप लगाते हुए लाठीचार्ज की घटना की निंदा की है, साथ ही लाठीचार्ज के दोषियों पर कारवाई की मांग की है।

 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *