Advertisement

रबी महोत्सव में छाया रहा खाद कालाबाजारी का मुद्दा

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। कृषि विभाग द्वारा 22 नवंबर को समस्तीपुर जिला के हद में ताजपुर प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में रबी महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में प्रखंड क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी का मुद्दा छाया रहा।

जानकारी के अनुसार महोत्सव का उद्घाटन ताजपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरव कुमार, प्रखंड प्रमुख पुनम देवी, कृषि वैज्ञानिक विनिता कश्यप, कृषि वैज्ञानिक सुमित कुमार, तकनीकी सहायक मारूत नंदन शुक्ला, मुखिया बबलू सिंह, विश्वनाथ प्रसाद सिंह आदि ने दीप प्रज्वलित कर किया।

बतौर मुख्य अतिथि मौके पर उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ताजपुर किसानों का बहुलता वाला प्रखंड है। यहां फसल के साथ-साथ सब्जी की खेती व्यापक पैमाने पर की जाती है। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों की सहायता के लिए काम करती रही है।

यहां किसान और विभागीय अधिकारी एवं कर्मी के बीच घनिष्ठ संबंध काबिले-तारीफ है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान विभाग फौरी तौर पर करेगा। इस बीच अपना अभिभाषण कर वापस जा रहे बीडीओ को भाकपा माले प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने रोकते हुए पहले किसानों की समस्या सुनने का आग्रह किया।

माले नेता ने कहा कि किसानों की आलू-गेहूं-मकई आदि रोपनी का समय है। लेकिन डीएपी, जिंक, यूरिया, एनपीके, सुफला आदि खाद प्रखंड क्षेत्र के किसानों को नहीं मिल रहा है। पिछला दरवाजा से खाद दुकानदार 3-4 रूपये अधिक लेकर डीएपी की कालाबाजारी करते हैं। दुकानदार खाद की उपलब्धता का बोर्ड दुकान में नहीं लगाते हैं।

किस दुकान में खाद उपलब्ध है, यह किसानों को पता ही नहीं चलता। दुकानदार पहले से जमा कर रखे आधार कार्ड का दुरूपयोग कर खाद की कालाबाजारी करते हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि बाजार में नकली खाद-बीज- कीटनाशक उपलब्ध है। एक्सपायरी कीटनाशक धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। इससे किसान बर्बाद हो रहे हैं।

इस पर रोक लगाया जाये। माले नेता द्वारा सवाल खड़ा किए जाने के पश्चात बीडीओ ने माले नेता सिंह द्वारा उठाए गये समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
महोत्सव को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह ने कहा कि ताजपुर प्रखंड क्षेत्र में खाद, बीज की किल्लत है।

कृषि विधुत फीडर नहीं बनाया गया। नकली खाद, बीज-कीटनाशक बेचा जा रहा है। इसका समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज के कार्यक्रम में अगर संबंधित कृषि अधिकारी, मोरबा एवं समस्तीपुर विधायक रहते तो उनके माध्यम से किसानों की समस्या राज्य सरकार तथा सदन तक पहुंचता।

मौके पर कोठिया के मुखिया धर्मेंद्र कुमार चौरसिया, रजबा के मुखिया, कांग्रेस के अब्दुल मालिक, पैक्स अध्यक्ष आसिफ होदा, प्रगतिशील किसान इमरान सदरी, रवींद्र प्रसाद सिंह, राजदेव प्रसाद सिंह, रंजीत कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में प्रखंड के किसान मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन तकनीकी सहायक मारूत नंदन शुक्ला ने की। इस अवसर पर किसान सलाहकार ने आगत अतिथियों को माला पहनाकर एवं नींबू का पौधा, फूलगोभी देकर स्वागत किया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *