प्रहरी संवाददाता/धनबाद (झारखंड)। धनबाद के जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा द्वारा 22 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की जाएगी। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में नामांकन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
धनबाद जिला जनसंपर्क विभाग के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 29 अक्टूबर रहेगी। 30 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की स्क्रुटनी की जाएगी। वहीं आगामी एक नवंबर को नाम वापस लेने की अंतिम तिथि रहेगी। जबकि 20 नवंबर को मतदान तथा 23 नवंबर को मतगणना की जाएगी।
विधानसभा चुनाव में नामांकन करने वाले सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए जमानत की राशि ₹10 हजार तथा अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए जमानत राशि ₹5000 है।
बताया गया कि सिंदरी विधानसभा के लिए अभ्यर्थी कलेक्ट्रेट के ग्राउंड फ्लोर में कमरा नंबर 4 में निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निरसा विधानसभा के लिए कलेक्ट्रेट के ग्राउंड फ्लोर में कमरा नंबर 24 में निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
वहीं धनबाद विधानसभा के लिए अभ्यर्थी कमरा नंबर 116 में निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, झरिया विधानसभा के लिए कमरा नंबर 108 में निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा तथा टुंडी विधानसभा के लिए कमरा नंबर 112 में निर्वाची पदाधिकारी सह एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
इसके अलावा बाघमारा विधानसभा के लिए अभ्यर्थी तृतीय फ्लोर पर कमरा नंबर 303 में निर्वाची पदाधिकारी सह निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। कहा गया है कि अभ्यर्थियों के लिए कलेक्ट्रेट के सामने विधानसभा वार हेल्प डेस्क और प्रत्येक फ्लोर पर बैठने की व्यवस्था की गई है।
![]()













Leave a Reply