मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र में गड़बड़ी देख बिफरी जिला उपायुक्त

नया मोड़ के कापरेटिव मोड़ स्थित केंद्र का औचक निरीक्षण कर बंद करने का दिया आदेश

प्रहरी संवाददाता/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त 29 सितंबर की सुबह अचानक कापरेटिव मोड़ स्थित लक्ष्मी महिला मंडल द्वारा संचालित मुख्यमंत्री दाल भात केंद्र पहुंची। मौके पर अपर समाहर्ता, एसडीपीओ चास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।

उपायुक्त ने यहां केंद्र में भोजन करने वालों की पंजी की जांच की, पंजी अद्यतन नहीं था। मौके पर उपस्थित कर्मी मुन्ना ने बताया कि पंजी घर पर हैं। केंद्र में भारी गंदगी थी। भोजन करने वाले मात्र एक – दो राहगीर ही थे। भोजन की गुणवत्ता काफी खराब पायी गयी। केंद्र में केवल चावल एवं सब्जी परोसा जा रहा था। रसोई घर में भी गंदगी व्याप्त थी।

मौके पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि यहां लगभग 300 राहगीरों के प्रतिदिन भोजन के अनुसार चावल, चना – सोयाबीन आदि की आपूर्ति की जाती है। निरीक्षण क्रम में केंद्र में अनाज का कोई भंडारण नहीं था। केंद्र में मात्र 100 ग्राम मसुर दाल, एक किलो आलू बरामद हुआ। वहीं, बना हुआ भोजन मात्र 6-7 राहगीरों के लिए तैयार चावल और सब्जी उपलब्ध थी।

बताया जाता है कि आक्रोशित उपायुक्त केंद्र में व्याप्त गंदगी एवं संचालन की गड़बड़ी देख बिफर पड़ी। उन्होंने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को उक्त केंद्र को बंद करने की कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं, केंद्र संचालन कर रही समूह के सदस्यों के विरूद्ध भी कार्रवाई का निर्देश दिया।

इससे पूर्व, उपायुक्त व अन्य अधिकारी नया मोड़ स्थित लक्ष्य महिला समूह द्वारा संचालित मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र का निरीक्षण किया। यहां भी भोजन करने वालों की पंजी में हस्ताक्षर में गड़बड़ी पाई गई। एक ही नाम कई जगहों पर बार-बार अंकित था। नाम व हस्ताक्षर भी अधूरा अथवा फर्जी था।

उपायुक्त ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी को पंजी जब्त कर संचालन समूह के विरूद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। केंद्र संचालन में सहयोग कर रही रसोइयां उपासी देवी, बबली देवी, मीना देवी से जानकारी ली। जांच के क्रम में पाया गया कि औसतन 70 से 100 राहगीर ही यहां भोजन करते हैं।उपायुक्त ने खाद्यान्न आवंटन की जरूरत का आंकलन कर आवंटन कम करने का निर्देश दिया।

 58 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *