Advertisement

नक्सल क्षेत्र में शिक्षा का स्तर मजबूत, यूएचएस केदला का 10वीं परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अब शिक्षा का स्तर लगातार मजबूत होता नजर आ रहा है।

ज्ञात हो कि कभी भय और असुरक्षा के कारण जहां नक्सल प्रभावित क्षेत्रो के स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित होती थी, वहीं अब छात्र-छात्राएं पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई कर बेहतर परिणाम हासिल कर रहे हैं।

इसी का उदाहरण है प्रखंड के हद में उत्क्रमित उच्च विद्यालय (यूएचएस) केदला। इस विद्यालय में इस वर्ष संपन्न 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम काफी शानदार रहा है। इस वर्ष विद्यालय का कुल परिणाम 96.66 प्रतिशत रहा, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। विद्यालय टॉपर सूची में फणीन्द्र मुंडा तथा बबीता देवी की पुत्री श्वेता सुमन (74.60 प्रतिशत), दुर्गा ठाकुर तथा मीना देवी की पुत्री मुस्कान कुमारी (70.60 प्रतिशत)
व् हुकुमलाल टुडू तथा हीरामुनी देवी की पुत्री सुमन कुमारी (68.00 प्रतिशत) ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय टॉपर बनी।

विद्यालय के कुल 30 छात्रों में 12 ने प्रथम श्रेणी 17 ने द्वितीय श्रेणी जबकि एक ने मार्जिनल अंक हासिल किया। कुल परिणाम 96.66 प्रतिशत रहा है। विद्यालय के सचिव सुभय कुमार चक्रवर्ती ने इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।

उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने के बावजूद यहां के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रशासन शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में इससे भी बेहतर परिणाम सामने आएं। यह सफलता न केवल विद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है और यह दर्शाती है कि बदलते माहौल के साथ शिक्षा की रोशनी अब हर कोने तक पहुंच रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *