एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत 15 सितंबर को झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस समेत कंपनी के क्षेत्रों एवं इकाइयों में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्यालय के महाप्रबंधकगण, विभागाध्यक्षगण, बड़ी संख्या में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मौके पर महाप्रबंधक (सीसीएमसी) वी. के. शुक्ला ने उपस्थित सभी कर्मियों को स्वाच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने शपथ लिया कि स्वच्छता को केवल कार्यस्थल तक सीमित न रखते हुए इसका प्रभाव घर, गांव, मोहल्ले और पूरे समाज तक पहुंचाना चाहिए।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार कंपनी मुख्यालय में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली। साथ ही, सभी ने अपने आस-पास, गांव, मोहल्ले एवं कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा कम से कम सौ अन्य जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाने और उन्हें स्वच्छता के लिए प्रति वर्ष सौ घंटे देने हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जानकारी के अनुसार स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत इस वर्ष अभियान को निर्धारित चरणों में संचालित किया जाएगा। इसके तहत 16 सितंबर से आगामी 30 सितंबर तक प्रिपरेटरी फेज़ चलेगा। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 2 अक्टूबर के अवसर पर अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। अभियान का इंप्लीमेंटेशन फेज़ 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान स्वच्छता, कार्यस्थल की साफ-सफाई, लंबित मामलों के निस्तारण तथा स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देने से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बताया जाता है कि सीसीएल परिवार ने स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखकर, इसे अपने निरंतर व्यवहार और जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया है।
![]()













Leave a Reply