एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। देश की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय दरभंगा हाउस में 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय से सेवानिवृत्त हो रहे 9 कर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इसके साथ ही, सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत सेवानिवृत्त कर्मियों को भी उनके अपने क्षेत्रीय मुख्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से ससम्मान विदा किया गया। इस प्रकार, सीसीएल मुख्यालय एवं विभिन्न कोयला क्षेत्रों से सेवानिवृत्त हुए कुल 115 कर्मियों को गरिमापूर्ण विदाई दी गई।
समारोह के दौरान सीसीएल मुख्यालय में एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभव, भावनाएं एवं स्मृतियां साझा की। मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों में मुख्य प्रबंधक (वित्त) निदेशक (मा.सं.) वित्त विभाग संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी गांधीनगर अस्पताल डॉ निखिल प्रसाद सिन्हा, कार्यालय अधीक्षक ग्रेड-ए वन प्रशासन विभाग काशीनाथ यादव, कार्यालय अधीक्षक ग्रेड-ए वन कल्याण एवं सेवाएं (असैनिक) विभाग कंचन पाटीदार, पर्यवेक्षक (दूरसंचार) गांधीनगर अस्पताल अब्दुल कादिर, कार्यालय अधीक्षक ग्रेड-ए निदेशक (मा.सं.) वित्त विभाग जोयजीत बोस, लेखा लिपिक ग्रेड-वन वित्त (सीएफसी) विभाग ज्योत्सना झा, आदेशपाल राजभाषा विभाग कैलाश उरांव एवं कैट-टू कर्मी गांधीनगर अस्पताल गलुवा शामिल है।
जानकारी देते हुए सीसीएल के सीसी एवं पीआर विभाग द्वारा बताया गया कि विदाई सह सम्मान समारोह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप से सीसीएल के निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा एवं निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र उपस्थित रहे। मौके पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा ने सेवानिवृत्त हो रहे कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की प्रगति में उसके कर्मियों की मेहनत, ईमानदारी एवं समर्पण की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान अपने अनुभव एवं कार्यकुशलता से सीसीएल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि सेवानिवृत्ति किसी कर्मचारी के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जो वर्षों की सेवा, अनुभव और समर्पण की यात्रा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कर्मियों का योगदान किसी भी संस्थान की वास्तविक ताकत होता है और उनके अनुभव एवं कार्य के प्रति प्रतिबद्धता सदैव प्रेरणादायी रहेगी। उन्होंने सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मियों को नई जीवन-यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके एवं उनके परिवारों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
समारोह में विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारीगण, कर्मचारी तथा सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
![]()













Leave a Reply