Advertisement

सीसीएल ढोरी में राष्ट्रीय एकता व सतर्कता जागरूकता रैली का भव्य आयोजन

संपूर्ण मार्ग में गूंजा एक भारत, श्रेष्ठ भारत का नारा

‎ एन. के. सिंह‎​/बेरमो (बोकारो)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप मे 31 अक्टूबर को बोकारो जिला के हद में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के जीएम कार्यालय में विभिन्न कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान राष्ट्रीय एकता और सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत एक भारत, श्रेष्ठ भारत तथा सत्यनिष्ठा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक मानव संसाधन तौकीर आलम ने की। कार्यक्रम की शुरुआत महाप्रबंधक राजीव कुमार सिंह द्वारा राष्ट्र निर्माण में एकता, अखंडता और सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालने के साथ की गयी। उन्होंने उपस्थित जनों को देश की संप्रभुता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात जीएम के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। आलम ने सभी को शपथ दिलाने का कार्य किया। साथ ही, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत अधिकारियों, कर्मियों, यूनियन प्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों ने सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा लेते हुए अपने कार्यों व जीवन में ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों को अपनाने का दृढ़ संकल्प लिया।

इस अवसर पर आपसी सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाने के उद्देश्य से महाप्रबंधक के नेतृत्व में रन फॉर यूनिटी और सतर्कता जागरूकता रैली निकाली गई। इस भव्य रैली में सीसीएल ढोरी क्षेत्र के अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न यूनियन प्रतिनिधियों के अलावा डीएवी पब्लिक स्कूल ढोरी एवं कस्तूरबाश्री विद्या निकेतन विद्यालय के छात्र-छात्राओं सहित लगभग 150 रहिवासियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया।

​कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण डीएवी पब्लिक स्कूल और कस्तूरबाश्री विद्या निकेतन विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया नुक्कड़ नाटक रहा। बच्चों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय के माध्यम से भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता, ईमानदारी और जीवन के हर क्षेत्र में सत्यनिष्ठा अपनाने का अत्यंत प्रभावशाली संदेश दिया। इसके अतिरिक्त दोनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के बीच सतर्कता जागरूकता विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के जरिए कैनवास पर भ्रष्टाचार मुक्त समाज, पारदर्शिता और सतर्कता की सुंदर परिकल्पना उकेरी।

‎कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जीएम राजीव कुमार सिंह ने छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों ने अपने प्रदर्शन के माध्यम से समाज को जो संदेश दिया है, यदि हम उसका एक प्रतिशत भी अपने जीवन में अपना लें, तो देश का तेजी से विकास हो सकता है। उन्होंने नई पीढ़ी में ऐसे ही श्रेष्ठ गुणों के विकास पर जोर देते हुए उपस्थित जनों से अपील की कि वे एकजुट होकर सरदार वल्लभभाई पटेल के सपनों का भारत साकार करें और देश को प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाएं।

​आयोजन का समापन सतर्क भारत, सशक्त भारत के उद्घोष के साथ किया गया, जहाँ सभी ने यह संदेश दिया कि विविधता में एकता ही हमारे राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उपस्थित जनों ने एकजुटता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ एक समृद्ध और भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया। मौके पर जीएम ऑपरेशन मनोज कुमार पाठक, वरीय प्रबंधक मानव संसाधन सुरेश कुमार सिंह, यूनियन प्रतिनिधि धीरज पांडेय, जयनाथ मेहता, आर उनेश, महेंद्र चौधरी, विनय सिंह, भीम महतो, जितेंद्र दुबे, नरेश प्रसाद आदि मौजूद थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *