सीएम सम्राट चौधरी ने किया डीबीटी से अनुग्रह राशि का अंतरण
बाढ़ प्रभावित 50 लाख, 1.28 करोड़ थाली में भोजन, एक महीने में पुनर्निर्माण
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 15 सितंबर को लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार पटना में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए अनुग्रहिक राहत वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राज्य के 8,27,472 बाढ़ पीड़ित परिवारों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ की इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सहायता और सुरक्षा देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र प्रभावित परिवार राहत से वंचित न रहे। यदि कोई परिवार छूट गया है तो उसे एक सप्ताह के भीतर सूची में जोड़ा जाए।
उन्होंने बताया कि राज्य के 15 जिले, 88 प्रखंड, 575 ग्राम पंचायतों के 2,642 गांव और 21 शहरों के 136 वार्डों के लगभग 50 लाख रहिवासी बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। लगभग 55 हजार हेक्टेयर भूमि पर फसलों को नुकसान पहुंचा है।
सीएम ने बताया कि बाढ़ प्रभावितो के लिए 1,200 से अधिक सामुदायिक रसोई संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से अब तक लगभग 1.28 करोड़ थालियां परोसी जा चुकी हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की 21 टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, पेयजल, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

इस दौरान आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री चौधरी ने कहा कि राहत के साथ-साथ पुनर्प्राप्ति और पुनर्निर्माण का कार्य भी तेज गति से किया जाएगा। राज्य में बिल्ड बैक बेटर देन बिफोर अर्थात पहले से बेहतर पुनर्निर्माण की थीम पर कार्य होगा। सभी पुनर्प्राप्ति कार्य एक माह के भीतर पूरे करने का निर्देश दिया गया है। इसमें कृषि इनपुट सब्सिडी, सड़कों की मरम्मती और किसानों को हरसंभव सहायता शामिल है।
उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित बिहार दौरे के मद्देनजर अधिकारियों को बाढ़ से हुई क्षति का तथ्यपरक आकलन कर रिपोर्ट तैयार रखने का भी निर्देश दिया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply