प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में तेनुघाट स्थित बिरसा चौक पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष 11 सितंबर को झारखंड आंदोलनकारियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
जानकारी के अनुसार इस अवसर पर सैकड़ों झारखंड आंदोलनकारियों ने समारोहपूर्वक भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बोकारो जिला सचिव एवं झारखंड आंदोलनकारी इफ्तिखार महमूद, किसान सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष पंचानन महतो तथा झारखंड आंदोलनकारी दिवाकर महतो को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मौके पर समारोह की अध्यक्षता कर रहे आदिवासी महासभा के बोकारो जिलाध्यक्ष महेंद्र मुंडा ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र के विकास तथा जन समस्याओं के निराकरण के लिए इफ्तिखार महमूद सदैव सक्रिय रहते हैं, जो पूरे इलाके के लिए प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए मुफ्त बिजली का मामला सर्वप्रथम महमूद ने ही उठाया और एक वर्ष तक लगातार आंदोलनात्मक कार्रवाई की।
फलस्वरूप 16 मई 2023 को बिजली आपूर्ति निगम एवं महमूद के बीच हुई औपचारिक वार्ता में मुफ्त बिजली देने का निर्णय लिया गया। तेनुघाट बांध विस्थापित संघ के अध्यक्ष उमाचरण रजवार ने कहा कि इलाके में व्याप्त पेयजल संकट को लेकर भी आंदोलनकारी महमूद निरंतर सक्रिय हैं और आमजनों की आवाज बनते रहे हैं।
इस अवसर पर महमूद ने सभी झारखंड आंदोलनकारियों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे आंदोलन का सम्मान है और जनहित के मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। समारोह का संचालन अनवर रफी ने किया। मौके पर चुंबन महतो, महेश रजवार, अकलू घासी, कुड़मी समाज के बोकारो जिलाध्यक्ष उमेश महतो, मोहर लाल महतो, मणिलाल बास्के, गोविंद मांझी, बढ़न महतो, आनंद कुमार सिंह, महादेव महतो सहित सैकड़ों गणमान्य उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply